मध्यप्रदेश सरकार की नई पहल, अब घर बैठे मिलेंगी ये सेवाएं
छोटे कामगारों को रोजगार के नए अवसर

मध्यप्रदेश में अब घरों से जुड़े मरम्मत और तकनीकी कार्यों के लिए कारीगरों की तलाश आसान होने जा रही है। राज्य शासन के श्रम विभाग ने नागरिकों को सत्यापित कामगारों की सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराने और कामगारों को रोजगार के बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से 'कॉल कारीगर' (Call Karigar) मोबाइल ऐप विकसित किया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोग अपनी जरूरत के अनुसार विभिन्न व्यवसायों से जुड़े कामगारों का चयन कर ऑनलाइन सेवा बुक कर सकेंगे।
एक ऐप पर मिलेंगी कई तरह की सेवाएं
'कॉल कारीगर' ऐप के जरिए इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर, बढ़ई और पेंटर सहित विभिन्न व्यवसायों से जुड़े कामगारों की सेवाएं बुक की जा सकेंगी। नागरिकों और कामगारों के लिए मोबाइल ओटीपी के माध्यम से पंजीयन की सुविधा दी गई है। इससे दोनों पक्ष डिजिटल माध्यम से सीधे जुड़ सकेंगे।
कामगारों के दस्तावेजों का होगा सत्यापन
ऐप की प्रमुख विशेषता कामगारों के दस्तावेजों का सत्यापन है। इसके तहत कामगार आधार कार्ड, पैन कार्ड, कौशल प्रमाण-पत्र और पुलिस सत्यापन से संबंधित दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। इससे नागरिकों को कामगारों की पहचान और योग्यता संबंधी जानकारी के आधार पर चयन करने में सुविधा मिलेगी।
बुकिंग से भुगतान तक ऑनलाइन सुविधा
नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार कामगार का चयन कर ऑनलाइन सेवा बुक कर सकेंगे। ऐप पर बुकिंग की स्थिति भी देखी जा सकेगी। इसके साथ ही एकीकृत भुगतान गेटवे के माध्यम से डिजिटल भुगतान की व्यवस्था की गई है। काम पूरा होने के बाद ग्राहक संबंधित कामगार को रेटिंग देने और अपना फीडबैक दर्ज करने की सुविधा का भी उपयोग कर सकेंगे।
कामगारों को रोजगार के नए अवसर
यह ऐप कामगारों के लिए भी उपयोगी होगा। इसके माध्यम से वे अपनी बुकिंग, कार्य आवंटन और अर्जित आय का विवरण देख सकेंगे। इससे उन्हें काम का व्यवस्थित प्रबंधन करने और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
प्रशासनिक डैशबोर्ड से होगी निगरानी
ऐप में प्रशासनिक डैशबोर्ड की सुविधा भी दी गई है। इसके जरिए श्रम विभाग बुकिंग, भुगतान, शिकायतों और कामगारों की गतिविधियों की ऑनलाइन निगरानी कर सकेगा। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक एवं विश्वसनीय सेवाएं मुहैया कराने के साथ कामगारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से रोजगार से जोड़ना है।



