मध्यप्रदेश के 16 नगर निगमों में बदलेगा आपदा प्रबंधन का तरीका, सरकार ने बनाई नई व्यवस्था
हर शहर में बनेगा 24 घंटे सक्रिय आपातकालीन संचालन केंद्र

मध्यप्रदेश के बड़े शहरों में आगजनी, बाढ़, भूकंप और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए राज्य सरकार ने नई प्रशासनिक व्यवस्था तैयार की है। गृह विभाग ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 41(A) के तहत प्रदेश के सभी 16 नगर निगमों में स्वतंत्र शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UDMA) के गठन की अधिसूचना जारी की है। इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक नगर निगम में 24 घंटे सक्रिय आपातकालीन संचालन केंद्र बनाया जाएगा, जो अलग-अलग सरकारी और आपातकालीन एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करेगा।
30 दिन में स्थापित करना होगा सचिवालय
नई व्यवस्था में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, रीवा, सतना, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, रतलाम, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, कटनी और मुरैना शामिल हैं। सभी नगर निगम परिसरों में 30 दिनों के भीतर प्राधिकरण का अलग सचिवालय स्थापित करना अनिवार्य किया गया है।
चौबीसों घंटे काम करेगा इमरजेंसी केंद्र
प्रत्येक सचिवालय में नगर आपातकालीन संचालन केंद्र (EOC) स्थापित होगा। यह केंद्र वल्लभ भवन सिचुएशन रूम, पुलिस कंट्रोल रूम, मौसम विभाग, रेलवे और एयरपोर्ट अथॉरिटी से वास्तविक समय में जानकारी प्राप्त करेगा। आपदा की सूचना मिलने पर राहत और बचाव कार्यों के संचालन तथा संबंधित एजेंसियों के बीच तालमेल की जिम्मेदारी इसी केंद्र की होगी।
निगम आयुक्त अध्यक्ष, कलेक्टर उपाध्यक्ष
प्राधिकरण की कमान संबंधित नगर निगम आयुक्त के हाथों में रहेगी, जबकि जिले के कलेक्टर उपाध्यक्ष होंगे। अतिरिक्त नगर पालिक आयुक्त स्तर के अधिकारी सचिवालय के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) की जिम्मेदारी संभालेंगे। भोपाल और इंदौर में पुलिस आयुक्त तथा अन्य 14 शहरों में संबंधित पुलिस महानिरीक्षक प्राधिकरण के सदस्य होंगे।
आपदा के समय मिलेंगे विशेष अधिकार
आपातकालीन परिस्थितियों में प्राधिकरण को निजी वाहनों, भवनों और अन्य संसाधनों का अस्थायी अधिग्रहण करने का अधिकार होगा। जरूरत पड़ने पर अस्थायी पुल और अन्य ढांचे भी तैयार कराए जा सकेंगे, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में देरी न हो।
हर दो साल में अपडेट होगी आपदा योजना
सभी नगर निगमों को प्रत्येक दो वर्ष में शहरी आपदा प्रबंधन योजना तैयार कर अपडेट करनी होगी। इसमें बाढ़, आगजनी, गैस रिसाव और भूकंप जैसी संभावित आपदाओं का जोखिम आकलन किया जाएगा। साथ ही रोकथाम, संसाधनों की उपलब्धता, जनसुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया की रणनीति भी शामिल होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य शहरों में आपदा के दौरान त्वरित कार्रवाई, बेहतर विभागीय समन्वय और जनहानि को कम करना है।



