जनशक्ति उजाला
समाचार

नलखेड़ा में 85.40 करोड़ से बनेगा मां बगलामुखी देवी लोक, 108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का शिखर

20 हेक्टेयर में विकसित होगा भव्य परिसर, घाटों से लेकर फोरलेन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक पर बड़ा फोकस

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: आगर-मालवा, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
मां बगलामुखी देवी लोक के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
मां बगलामुखी देवी लोक के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर को भव्य धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मां बगलामुखी देवी लोक के पहले चरण के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया। इस चरण में 85.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होने वाला यह परिसर आस्था, अध्यात्म और धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना का हिस्सा है।

108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का मुख्य शिखर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परियोजना का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी देवी लोक के विकास से देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के विकास के बाद अब नलखेड़ा के धार्मिक महत्व को भी व्यापक पहचान देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

पहले चरण में मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा। मंदिर के मुख्य शिखर की ऊंचाई 108 फीट प्रस्तावित है। इसमें गर्भगृह, ऊपरी संरचना और पत्थर की क्लैडिंग का काम शामिल है। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला बनाई जाएगी।

चार प्रवेश द्वार, पार्किंग और कॉरिडोर का होगा विकास

परियोजना के तहत श्रद्धालुओं की आवाजाही और दर्शन व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए मंदिर कॉरिडोर तथा प्रांगण विकसित किए जाएंगे। परिसर में चार भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल और विशिष्ट अतिथियों के लिए वीवीआईपी भवन बनाया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारपहिया वाहनों और बसों की पार्किंग के साथ शौचालय ब्लॉक भी बनाए जाएंगे। परिसर में उद्यान, हरित क्षेत्र और सौंदर्यीकरण के कार्य होंगे। विद्युत व्यवस्था, फसाड लाइटिंग, प्लंबिंग और अग्निशमन सहित जरूरी आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

लखुंदर नदी पर बनेगा 13.77 करोड़ का पुल

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखुंदर नदी के तटों पर सुंदर घाट बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए नदी पर 13.77 करोड़ रुपये की लागत से नया उच्चस्तरीय पुल बनाया जा रहा है। नलखेड़ा आने वाले मार्गों पर जरूरत के अनुसार सड़क और पुलिया चौड़ी करने की भी बात कही गई।

आमला से नलखेड़ा तक करीब 14 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण पर 55 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। सरकार का जोर धार्मिक स्थल तक पहुंच को सुगम बनाने और क्षेत्र की सड़क, रेल तथा हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर है।

प्रदेश के धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इसमें ओरछा, उज्जैन का महाकाल लोक, ओंकारेश्वर का एकात्म धाम और चित्रकूट धाम शामिल हैं। उन्होंने बाबा बैजनाथ धाम के विकास का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरव सिंह बापू, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

गुजरात तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा, पुलिस के सामने कई नाम बताए

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालादेवास, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली किया संबोधित

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालासिवनी/भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें