लोकायुक्त की एक साथ कई ठिकानों पर दबिश, वन अधिकारी की संपत्तियों का खुलने लगा हिसाब
छिंदवाड़ा से पचमढ़ी तक छापेमारी, होटल-रिसॉर्ट से लेकर प्लॉट और दुकानों के दस्तावेज जांच के घेरे में

मध्यप्रदेश में आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त ने वन विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ संजीव शर्मा के छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित सरकारी आवासों पर शनिवार सुबह एक साथ छापेमारी की गई। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक 23 लाख रुपये नकद और लगभग 700 ग्राम सोने के जेवर मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा होटल और रिसॉर्ट से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दौरान मिले हैं।
दो शहरों में एक साथ पहुंचीं लोकायुक्त की टीमें
लोकायुक्त की अलग-अलग टीमें दोनों स्थानों पर संपत्तियों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार पचमढ़ी में और डीएसपी अजय मिश्रा छिंदवाड़ा में टीम के साथ कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। यह कार्रवाई अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद शुरू की गई है।
होटल-रिसॉर्ट से लेकर जमीन तक की पड़ताल
शुरुआती जानकारी के अनुसार, संजीव शर्मा के पचमढ़ी में होटल और रिसॉर्ट होने की बात सामने आई है। इसके अलावा छिंदवाड़ा और होशंगाबाद में प्लॉट, दुकान तथा अन्य संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। लोकायुक्त की टीम बैंक खातों, निवेश और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि अधिकारी की संपत्ति और आय के स्रोतों का मिलान किया जा सके।
रेंजर के पद से शुरू की थी नौकरी
मिली जानकारी के अनुसार, संजीव शर्मा ने वर्ष 2001 में पेंच टाइगर रिजर्व में रेंजर के रूप में नौकरी शुरू की थी। वर्तमान में वे सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त की टीम उनके सेवा काल के दौरान अर्जित संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा संपत्ति का आकलन
फिलहाल छिंदवाड़ा और पचमढ़ी में कार्रवाई जारी है। नकदी, सोने के जेवर और संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। बैंक खातों और निवेश की जानकारी जुटाने के बाद ही अधिकारी की कुल संपत्ति तथा आय के अनुपात का आकलन हो सकेगा।



