लाड़ली बहनों को दिवाली पर नहीं मिलेगी किस्त, अगली राशि के लिए करना होगा इंतजार
त्योहार पर खाते में पैसे आने की उम्मीद लगाए महिलाओं को लगा झटका

मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को दिवाली पर अगली किस्त की राशि नहीं मिलेगी। त्योहार से पहले बैंक खातों में आर्थिक सहायता पहुंचने की उम्मीद कर रही महिलाओं को अब कुछ दिन और इंतजार करना होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान योजना की किस्त हितग्राही महिलाओं के खातों में अंतरित करेंगे। यह कार्यक्रम पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में प्रस्तावित है।
पिछोर में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छत्रसाल स्टेडियम में होने वाले आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। कार्यक्रम में योजना की हितग्राही महिलाओं के साथ अन्य लोगों के शामिल होने की भी संभावना है।
कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली आपूर्ति और हेलीपैड सहित अन्य जरूरी इंतजामों की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखने और आयोजन स्थल पर आवश्यक जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कितनी मिलेगी अगली किस्त ?
फिलहाल अगली किस्त की राशि को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। महिलाओं की नजर अब 13 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम पर है। इसी दौरान किस्त के वितरण और राशि से संबंधित जानकारी स्पष्ट होने की उम्मीद है।



