जनशक्ति उजाला
समाचार

खजराना गणेश मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा पर 56 व्यंजनों का भोग, 3000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण की अन्नकूट प्रसादी

कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने की पूजा-अर्चना

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
कार्तिक पूर्णिमा पर खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया इस मौके पर कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल  उपस्थित रहे।
कार्तिक पूर्णिमा पर खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया इस मौके पर कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल उपस्थित रहे।
शेयर करें:

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में धार्मिक आयोजन के साथ श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट प्रसादी का आयोजन किया गया। भगवान गणेश को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छप्पन भोग समर्पित किया। मंदिर परिसर के अन्नक्षेत्र में करीब 3,000 श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

षट् रसों से तैयार किए गए छप्पन भोग

भगवान गणेश को अर्पित किए गए भोग में शास्त्रों में वर्णित छह रसों को ध्यान में रखकर विभिन्न पकवान शामिल किए गए। इनमें नमकीन, मिठाई, अम्लीय, क्षारीय, कसैले और मिर्चयुक्त व्यंजनों के साथ सूखे मेवे, मावा, फल और तांबूल भी रखे गए। पूजा के बाद दोनों अधिकारियों ने भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।

मंदिर के मास्टर प्लान पर अधिकारियों को दी जानकारी

पूजन के बाद मंदिर के अनुमोदित मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों और पहले चरण में होने वाले निर्माण की जानकारी दी गई। वास्तुविद हिमांशु और समन्वयक ने आगामी कार्ययोजना का विवरण अधिकारियों के सामने रखा। इस दौरान बताया गया कि अग्रवाल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी पी.डी. अग्रवाल मंदिर विकास कार्यों में सहयोग देना चाहते हैं।

दानदाता के सहयोग से बनेगा सर्व सुविधा केंद्र

पी.डी. अग्रवाल की सेवा भावना को देखते हुए कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा ने उनके माध्यम से सर्व सुविधा केंद्र का निर्माण कराने की सहमति दी। यह निर्माण मंदिर के स्वीकृत मास्टर प्लान के अनुरूप कराया जाएगा।

अन्नकूट प्रसादी में शामिल हुए करीब 3000 श्रद्धालु

मंदिर परिसर के अन्नक्षेत्र में आयोजित अन्नकूट भोजन प्रसादी में लगभग 3,000 लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल भी अन्नक्षेत्र पहुंचे और भोजन प्रसादी ली। इस अवसर पर अन्नक्षेत्र के आजीवन सदस्यों का सम्मान भी किया गया।

मंदिर के पुजारियों ने संपन्न कराई पूजा

पूजन-अर्चन मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट, जयदेव भट्ट, सुमित भट्ट, सतपाल महाराज और विनीत भट्ट ने संपन्न कराया। आयोजन में मंदिर मैनेजर शुक्ला और सहायक प्रबंधक मिश्रा के मार्गदर्शन में मंदिर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग दिया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें