कौन बनेगा मध्यप्रदेश का अगला DGP? 20 नवंबर को दिल्ली में होगा बड़ा फैसला
11 IPS अधिकारियों में से तीन नामों पर लगेगी मुहर, पहली महिला DGP की भी चर्चा ।

मध्यप्रदेश पुलिस के अगले मुखिया को लेकर तस्वीर जल्द साफ होने वाली है। वर्तमान DGP कैलाश मकवाना के कार्यकाल की समाप्ति से पहले नए पुलिस महानिदेशक के चयन की प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच गई है। इस पद के लिए 20 नवंबर को नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अहम बैठक होने जा रही है। इसमें प्रदेश के 11 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नामों पर विचार के बाद तीन अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा। नए DGP के 1 दिसंबर से कार्यभार संभालने की संभावना है।
दिल्ली की बैठक पर टिकी निगाहें
UPSC की बैठक दोपहर 3 बजे होगी। इसमें आयोग के अध्यक्ष या उनके प्रतिनिधि के अलावा मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय शुक्ला और वर्तमान DGP कैलाश मकवाना शामिल होंगे। अधिकारियों की वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और अनुभव के आधार पर तीन नामों का चयन किया जाएगा। यह पैनल आगे की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा।
12 नामों की सूची में अब 11 अधिकारी
राज्य सरकार ने नए DGP के चयन के लिए UPSC को 12 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नाम भेजे थे। इनमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, जी. अखेतो सेमा, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, अनंत कुमार सिंह, मनमीत नारंग, राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता शामिल थे। हालांकि, वरिष्ठ IPS अधिकारी जी. अखेतो सेमा ने DGP बनने की दौड़ से हटने की बात कही है। इसके बाद चयन प्रक्रिया में 11 अधिकारियों के नामों पर विचार होने की संभावना है।
तीन नामों पर विशेष चर्चा
प्रशासनिक हलकों में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम संभावित पैनल के लिए प्रमुखता से चर्चा में हैं। इनमें प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव की दावेदारी पर विशेष नजर है। यदि उनका चयन होता है तो मध्यप्रदेश को पहली महिला पुलिस महानिदेशक मिल सकती हैं। हालांकि, इन नामों पर अंतिम स्थिति UPSC की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी।
राज्य सरकार करेगी अंतिम चयन
UPSC की बैठक में तैयार तीन अधिकारियों का पैनल मध्यप्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद राज्य सरकार पैनल में शामिल अधिकारियों में से किसी एक को नए पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपेगी। वर्तमान DGP कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। ऐसे में 1 दिसंबर से प्रदेश को नया पुलिस प्रमुख मिलने की संभावना है।



