जनशक्ति उजाला
समाचार

कटनी अग्निकांड में छह की मौत, नौ घंटे बाद पहुंचे कलेक्टर ने मांगी माफी

मकल व्यवस्था की बदहाली पर लोगों का फूटा गुस्सा, प्रशिक्षण से लेकर जवाबदेही तय करने तक कलेक्टर ने दिए भरोसे

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: कटनी (बरही), मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
कटनी के बरही में अग्निकांड के बाद आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त तीन मंजिला मकान पर पानी डालता दमकलकर्मी।
कटनी के बरही में अग्निकांड के बाद आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त तीन मंजिला मकान पर पानी डालता दमकलकर्मी।
शेयर करें:

दीपावली की रात जब पूरा देश दीपों की रोशनी में खुशियां मना रहा था, उसी दौरान मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही में एक परिवार पर ऐसा कहर टूटा, जिसने पूरे नगर को शोक में डुबो दिया। आधी रात एक क्राकरी दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। घटना के करीब नौ घंटे बाद मौके पर पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। उन्होंने लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि आगे से ऐसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।

आधी रात लगी आग ने मचाई तबाही

बरही निवासी पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में रात करीब 12 बजे अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में लपटें तीन मंजिला इमारत तक फैल गईं। आग और धुएं के बीच परिवार के कई सदस्य अंदर फंस गए। इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और दो माह के मासूम की मौत हो गई।

सुबह तक चला बचाव अभियान

आग लगने के बाद रातभर राहत और बचाव की कोशिशें जारी रहीं। सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को इमारत से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। घटना के बाद पूरे बरही नगर में शोक की लहर फैल गई।

दमकल वाहनों की खराबी से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, नगर परिषद बरही का दमकल वाहन रात करीब एक बजे घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से पहुंची दमकल गाड़ी की पाइप में भी खराबी सामने आई। इससे आग बुझाने के प्रयास प्रभावित हुए। बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक मशक्कत करनी पड़ी। लोगों ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की देर से मौजूदगी पर भी सवाल उठाए।

कलेक्टर के सामने लोगों ने जताई नाराजगी

घटना के करीब नौ घंटे बाद पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी को स्थानीय लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। लोगों ने दमकल व्यवस्था की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। कलेक्टर ने लोगों से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि दमकल कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए नागपुर भेजा जाएगा, फायर ब्रिगेड व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा तथा घटना में जिम्मेदारी तय की जाएगी।

रितेश और उनकी भाभी बचकर निकले

हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह इमारत से बाहर निकलने में सफल रहे। बताया गया कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और सुरक्षित स्थान की ओर भागे, लेकिन परिवार के बाकी सदस्य इमारत में फंस गए। दो माह का मासूम अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में था। परिवार की दोनों बच्चियां और बुजुर्ग दंपती भी आग की चपेट में आ गए। सुबह जब उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक छह जिंदगियां दम तोड़ चुकी थीं।

शेयर करें:

संबंधित खबरें