जबलपुर को देश में अव्वल बनाने की तैयारी, सीएम मोहन यादव ने किए बड़े ऐलान
सफाई मित्रों के योगदान को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छता के क्षेत्र में जबलपुर ने अपनी मेहनत और सामूहिक सहभागिता से ऐसी पहचान बनाई है, जिसका उल्लेख अब देशभर में होगा। शनिवार को मानस भवन में आयोजित सफाई मित्र सम्मान समारोह में उन्होंने सफाई कर्मियों और शहरवासियों के योगदान की सराहना करते हुए शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान जबलपुर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।
75 करोड़ से विकसित होगा आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन तंत्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर में इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से 75 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। इस राशि से शहर की अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके लिए नगर निगम को अपनी ओर से राशि खर्च नहीं करनी होगी। शहर में वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और नए गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं।
सीएनजी वाहनों की संख्या बढ़कर होगी 182
स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जबलपुर को अब कुल 182 सीएनजी वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे पहले 102 वाहनों की स्वीकृति दी गई थी। नए वाहनों से कचरा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर जोर
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नमस्ते योजना के माध्यम से सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं दी जा रही हैं। आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी सफाई मित्रों को मिल रहा है। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की।
प्रदेश के शहरों ने भी बढ़ाया मध्यप्रदेश का मान
मुख्यमंत्री ने उज्जैन और देवास की स्वच्छता संबंधी कामयाबी का उल्लेख किया। उज्जैन ने 3 लाख से 10 लाख आबादी वाली श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि देवास ने 50 हजार से 3 लाख आबादी वाली श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहर स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
जबलपुर के विकास को मिलेंगे नए आयाम
मुख्यमंत्री ने जबलपुर से भोपाल और भोपाल से इंदौर तक प्रस्तावित इकोनॉमिक कॉरिडोर को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आरजीपीवी के पुनर्गठन के तहत जबलपुर को मिले विश्वविद्यालय और फर्नीचर क्लस्टर के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने मां नर्मदा के आशीर्वाद से जबलपुर के विकास की नई ऊंचाइयां छूने का विश्वास जताया।
सफाई मित्रों का सम्मान, पुष्प वर्षा से बढ़ाया उत्साह
समारोह में मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों पर पुष्प वर्षा कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नमस्ते योजना के तहत सुरक्षा किट भी वितरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जवाबदेही है।
महापौर ने जबलपुर की पहचान का श्रेय सफाई मित्रों को दिया
महापौर जगत बहादुर सिंह ने जबलपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में मिली पहचान का श्रेय मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, संसाधनों और प्रशिक्षण से नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदू, डॉ. अभिलाष पांडे, नीरज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



