इंदौर में कल से इन्द्रेश उपाध्याय की भागवत कथा, एमआर-10 पर सजेगा एक लाख वर्गफीट का विशाल पंडाल
23 से 29 अक्टूबर तक रोजाना दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक होगा आयोजन

इंदौर में प्रसिद्ध युवा कथा वाचक इन्द्रेश उपाध्याय के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 23 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। एमआर-10 स्थित स्टार चौराहे के पास आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय भागवत ज्ञान यज्ञ के लिए करीब एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगी और इसका समापन 29 अक्टूबर को होगा।
राधा-कृष्ण की छवि से सजेगी व्यासपीठ
आयोजन स्थल पर राधा-कृष्ण की मनोहारी छवि वाली पृष्ठभूमि के साथ व्यासपीठ तैयार की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडाल में वाटरप्रूफ व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा का श्रवण अधिक से अधिक लोग कर सकें, इसके लिए परिसर में 12 बड़ी स्क्रीन लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है।
पार्किंग से लेकर पेयजल तक के इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोपहिया वाहनों की पार्किंग में करीब दो हजार और चारपहिया वाहनों की पार्किंग में लगभग 800 गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। पार्किंग निशुल्क रहेगी। इसके अलावा पेयजल, महिला-पुरुषों के लिए शौचालय, रोशनी, साफ-सफाई और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। सुरक्षा के लिए पंडाल और आसपास के क्षेत्र में 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बुजुर्ग श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई है।
तीन दिन होंगे विशेष उत्सव
भागवत कथा के दौरान 26 अक्टूबर को शरद रासोत्सव, 27 अक्टूबर को शरद दीपोत्सव और 28 अक्टूबर को शरद छप्पन भोग के विशेष आयोजन होंगे। इन उत्सवों के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। इन्द्रेश उपाध्याय के इंदौर आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजकों को उम्मीद है कि इंदौर के साथ मालवा क्षेत्र के अन्य शहरों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग कथा सुनने पहुंचेंगे।



