इंदौर में 15 अक्टूबर को युवा संगम रोजगार मेला, 250 से अधिक अवसर
युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार का मौका

इंदौर में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 15 अक्टूबर को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में विभिन्न कंपनियों के माध्यम से 250 से अधिक रिक्त पदों पर प्रारंभिक चयन की प्रक्रिया होगी। साथ ही स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को ऋण प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक लगेगा मेला
रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के पास, 10 पोलोग्राउंड, इंदौर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। उप संचालक रोजगार पी.एस. मण्डलोई के अनुसार, युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता और रुचि के अनुरूप रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
विभिन्न पदों पर होगा प्रारंभिक चयन
मेले में लाइफ केयर लॉजिस्टिक, शेफाली बिजनेस सॉल्यूशन, मोज़िक वर्कस्किल साइटेड, अपाल्टो इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड और फिनोदया कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके माध्यम से कार्यालय सहायक, ग्राहक सहायता, डाटा एंट्री ऑपरेटर, अकाउंटेंट, ट्रेनर, काउंसलर, गुणवत्ता एवं उत्पादन इंजीनियर, वेल्डर, फिटर, वेयरहाउस एसोसिएट, फैक्टरी हेल्पर और सेल्स संबंधी पदों के लिए साक्षात्कार लेकर प्रारंभिक चयन किया जाएगा।
आठवीं पास से स्नातकोत्तर तक के युवा पात्र
रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु के आठवीं पास, हाईस्कूल, उच्चतर माध्यमिक, स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षित युवा भाग ले सकते हैं। आईटीआई और डिप्लोमा धारक भी अपनी तकनीकी योग्यता के अनुसार अवसर तलाश सकते हैं।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
आवेदकों को शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाणपत्र, बायोडाटा की प्रतियां, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रतियां साथ लानी होंगी। जिला प्रशासन ने युवाओं से मेले में शामिल होकर रोजगार, अप्रेन्टिसशिप और स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।



