जनशक्ति उजाला
समाचार

वर्ल्ड टॉयलेट डे पर इंदौर में जल संरक्षण का संदेश, महापौर ने शुरू किया बकेट वॉटर चैलेंज

शहर के सार्वजनिक शौचालयों को आकर्षक थीम से सजाया

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
वर्ल्ड टॉयलेट डे पर बकेट वॉटर चैलेंज के शुभारंभ के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं अन्य जनप्रतिनिधि जल संरक्षण का संदेश देते हुए ।
वर्ल्ड टॉयलेट डे पर बकेट वॉटर चैलेंज के शुभारंभ के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं अन्य जनप्रतिनिधि जल संरक्षण का संदेश देते हुए ।
शेयर करें:

वर्ल्ड टॉयलेट डे के अवसर पर नगर निगम ने स्वच्छता के साथ जल संरक्षण को जनअभियान से जोड़ने की पहल की। बुधवार को शहर के विभिन्न सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों (सीटीपीटी) को अलग-अलग संदेशपरक थीम के साथ सजाया गया। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अन्नपूर्णा तालाब के समीप आयोजित कार्यक्रम में बकेट वॉटर चैलेंज अभियान की शुरुआत की। साथ ही जल के अपव्यय को रोकने और इसके विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जल जागरूकता एक्सप्रेस को रवाना किया।

सार्वजनिक शौचालयों की देखरेख करने वालों का सम्मान

जोन क्रमांक 20 के वार्ड 81 में अन्नपूर्णा तालाब के पास स्थित जनसुविधा केंद्र पर महापौर ने ‘सेव वाटर, सेव लाइफ’ थीम पर सजाए गए सीटीपीटी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर यहां व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले सुपरवाइजर और केयरटेकर को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं और आयोजन में सहयोग करने वाले भागीदारों को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए। वहीं, आयुक्त क्षितिज सिंघल ने एबी रोड स्थित सिटी बस ऑफिस के सीटीपीटी का अवलोकन किया।

बकेट वॉटर चैलेंज से घरों तक पहुंचेगा पानी बचाने का संदेश

महापौर ने कहा कि जल संरक्षण के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से बकेट वॉटर चैलेंज शुरू किया गया है। इसके तहत लोगों को नहाने के लिए शावर के बजाय बाल्टी का उपयोग करने तथा पौधों में पानी देने और घरों की सफाई जैसे कामों में भी जरूरत के अनुसार सीमित पानी इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके पानी की बर्बादी कम की जा सकती है।

शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचेगी जल जागरूकता एक्सप्रेस

जल जागरूकता एक्सप्रेस शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को पानी बचाने, जल के पुनः उपयोग और अनावश्यक खपत रोकने के बारे में जागरूक करेगी। इसके माध्यम से नागरिकों को दैनिक जीवन में जल का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने का संदेश दिया जाएगा।

जनभागीदारी से सजे सीटीपीटी, कई संस्थाओं ने दिया सहयोग

अभियान के तहत उषा नगर, वर्ल्ड कप चौराहा, चाणक्यपुरी चौराहा, सरवटे बस स्टैंड, पलसीकर, पंचशील नगर, शारदा मठ, मेघदूत, 56 दुकान शिशुकुंज, ऊधम सिंह चौराहा और इंदिरा प्रतिमा सहित विभिन्न स्थानों के सीटीपीटी को सजाया गया। यहां ‘वेस्ट टू आर्ट’, ‘3 आर’, जल संरक्षण और ‘कैच द रेन’ जैसी थीम के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिए गए। इन गतिविधियों में शैक्षणिक संस्थानों, बाजार संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कलाकारों और स्थानीय संस्थाओं ने स्वयं सहयोग किया।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए स्वच्छता के साथ वर्षा जल संचयन, पानी के पुनः उपयोग और जल संरक्षण के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी बढ़ाना है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें