इंदौर-उज्जैन बनेगा मेडिकल टूरिज्म का बड़ा केंद्र
देश-विदेश के मरीजों को मिलेगा इलाज

इंदौर और उज्जैन को मेडिकल टूरिज्म एवं वेलनेस के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इस योजना के तहत देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर भी देने पर जोर दिया जाएगा। संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में मेडिकल टूरिज्म के लिए स्थानीय समिति गठित करने, सुविधायुक्त अस्पतालों की सहमति लेने और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ा पोर्टल तैयार करने की दिशा में निर्णय लिए गए।
अस्पतालों की सुविधाओं का बनेगा डिजिटल पोर्टल
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि एनएबीएच से मान्यता प्राप्त अस्पतालों की चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञताओं को एक पोर्टल पर शामिल किया जाए। इसके लिए अस्पतालों से सहमति लेने के उद्देश्य से पत्र जारी किया जाएगा। योजना के संचालन के लिए एडवाइजरी कमेटी और नोडल अधिकारी नियुक्त करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में चिकित्सा विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से योजना को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव लिए गए।
महाकाल और ओंकारेश्वर के दर्शन के साथ इलाज पर फोकस
लाक्षाकार ने कहा कि इंदौर के पास उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर और ओंकारेश्वर का ज्योतिर्लिंग जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल हैं, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे पर्यटकों को धार्मिक यात्रा के साथ बेहतर चिकित्सा सेवाओं का विकल्प देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर में बड़े अस्पताल समूह, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं, हवाई और रेल संपर्क, एयर एम्बुलेंस तथा होटल जैसी व्यवस्थाएं मेडिकल टूरिज्म के लिए महत्वपूर्ण आधार हैं।
इलाज के पैकेज और एसओपी भी होंगे तैयार
बैठक में अस्पतालों की विशेषज्ञता के अनुसार उपचार और उनके पैकेज की सूची तैयार करने पर चर्चा हुई। इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाई जाएगी। मरीजों के बीमा की पोर्टेबिलिटी पर भी काम किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ आयुर्वेद और होम्योपैथी को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
संभागायुक्त ने कहा कि मध्यप्रदेश में रीजनल मेडिकल हब विकसित होने से आधुनिक उपचार, मरीजों की देखभाल, पुनर्वास और आयुष सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे मध्य एशिया, यूरोप और अफ्रीका सहित विभिन्न क्षेत्रों से विदेशी मरीजों को आकर्षित करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। बैठक में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. डी.के. शर्मा सहित विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सक और प्रतिनिधि मौजूद रहे।



