इंदौर में अवैध नंबर प्लेट वाले 33 वाहनों पर कार्रवाई, 18 हजार रुपये वसूले
तेजाजी नगर चौराहे पर करीब 100 वाहनों की जांच

इंदौर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 33 वाहनों के चालान बनाए और 18 हजार रुपये का राजस्व वसूला। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को तेजाजी नगर चौराहे पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान करीब 100 वाहनों की जांच की गई। अभियान में अवैध नंबर प्लेट, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) से जुड़े नियमों के उल्लंघन और प्रतिबंधित काली फिल्म लगे वाहनों की जांच की गई।
नंबर प्लेट और काली फिल्म पर विशेष नजर
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर चलाए गए अभियान में ऐसे वाहनों की जांच की गई, जिनकी नंबर प्लेट निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थी। नंबर प्लेट पर धार्मिक प्रतीक, अनधिकृत नाम या अन्य अवैध चिह्न लगाने वाले वाहनों को भी जांच के दायरे में लिया गया। इसके अलावा वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म के इस्तेमाल की भी जांच की गई।
कार्रवाई रोकने के दबाव का उल्लेख
परिवहन विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान कुछ प्रशासनिक एवं केंद्रीय प्रशासनिक अधिकारियों, धार्मिक नेताओं, उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं और पत्रकारों की ओर से कार्रवाई को प्रभावित करने या रोकने के प्रयास किए गए। विभाग की टीम ने इन परिस्थितियों के बावजूद नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रखी।
आगे भी जारी रहेंगे जांच अभियान
विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं और किसी व्यक्ति के पद या सामाजिक प्रतिष्ठा के आधार पर नियमों के उल्लंघन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
यह कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश गुप्ता और परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले ने की।



