जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर की यातायात व्यवस्था में सुधार की तैयारी, चौराहों से पार्किंग तक होंगे बदलाव

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम फैसले

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
इंदौर में यातायात सुधार और सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करते कलेक्टर शिवम वर्मा एवं अधिकारी ।
इंदौर में यातायात सुधार और सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करते कलेक्टर शिवम वर्मा एवं अधिकारी ।
शेयर करें:

इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने बुनियादी सुधारों के साथ तकनीकी निगरानी और जनजागरूकता पर भी जोर दिया है। छह प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़े करने, पांच नई सड़कों पर ऑन-स्ट्रीट पार्किंग लागू करने और स्कूली बसों की सुरक्षा के लिए विशेष पोर्टल तैयार करने की दिशा में काम किया जाएगा। इन विषयों पर शुक्रवार, 21 नवंबर को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिए गए।

चौराहों पर यातायात दबाव घटाने की कवायद

बैठक में नगर निगम चौराहा, न्याय नगर चौराहा, बंगाली चौराहा, बिजलपुर चौराहा, अमृत होटल एबी रोड और पालदा नाका चौराहे के लेफ्ट टर्न चौड़े करने का निर्णय लिया गया। शहर के 11 चौराहों पर पहले से ही चौड़ीकरण का काम जारी है। इसके अलावा अनुपयोगी बिजली और अन्य खंभे हटाने तथा अव्यवस्थित खंभों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

पांच नई सड़कों पर पार्किंग व्यवस्था

नगर निगम की तीन सड़कों पर चल रहे ऑन-स्ट्रीट पार्किंग पायलट प्रोजेक्ट के सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद अब पांच और सड़कों पर इसे लागू करने की तैयारी है। बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग रोकने और बेसमेंट पार्किंग का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, आरटीओ और नगर निगम संयुक्त अभियान चलाएंगे।

स्कूली बसों की निगरानी करेगा शिक्षा सारथी

स्कूली बसों की सुरक्षा और सत्यापन के लिए तैयार हो रहे ‘शिक्षा सारथी’ पोर्टल पर चालक का सत्यापन, वाहन मालिक का नाम, फिटनेस, बीमा, पीयूसी, सीसीटीवी और जीपीएस सहित सुरक्षा संबंधी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। इससे बसों की निगरानी एक ही मंच पर की जा सकेगी।

तकनीक और जागरूकता से यातायात सुधार

वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शैक्षणिक वीडियो तैयार किए गए हैं। इनका प्रसारण सोशल मीडिया, स्कूलों और कॉलेजों में होगा। बैठक में पुलिस के ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ एप की जानकारी भी दी गई। यातायात संचालन के लिए शहर के 10 स्थानों पर पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं।

ब्लैक स्पॉट और रॉन्ग साइड पर सख्ती

बैठक में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा कर संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। बिचौली हप्सी और कनाड़िया क्षेत्र के बोगदों में रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों के कारण लगने वाले जाम पर भी चर्चा हुई। यातायात पुलिस को लेन अनुशासन सुनिश्चित करने और गलत दिशा से आने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया। वाहन चालकों को निर्धारित दिशा में आगे जाकर यू-टर्न लेने के निर्देश दिए गए, ताकि अंडरपास और प्रवेश मार्गों पर जाम न लगे।

नागरिकों की भागीदारी पर जोर

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार शहरों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सुधार कार्य किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर काम पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य जल्द पूरे कराए जाएंगे। उन्होंने लेफ्ट टर्न को बाधामुक्त रखने और आईटीएस व्यवस्था के माध्यम से चौराहों पर यातायात संचालन बेहतर बनाने की बात कही। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से इंदौर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकता है।

बैठक में मौजूद अधिकारी: नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, वन मंडलाधिकारी सुधाकर लाल सिंह, डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी, स्मार्ट सिटी सीईओ अर्थ जैन, नगर निगम उपायुक्त आकाश सिंह और अभय राजनगांवकर तथा अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें