इंदौर में बेकाबू टेम्पो ट्रैवलर ने दो वाहनों को मारी टक्कर, बिजली के पोल से टकराकर रुका
दो किलोमीटर तक पीछा कर चालक को पकड़ा

इंदौर में मंगलवार, 13 अक्टूबर की सुबह एक टेम्पो ट्रैवलर ने अलग-अलग स्थानों पर लोडिंग रिक्शा और बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन बिजली के पोल से टकराकर रुक गया। घटना के बाद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक सहित हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया।
होटल के बाहर से वाहन लेकर निकला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टेम्पो ट्रैवलर सयाजी होटल के पास खड़ा था और उसमें चाबी लगी हुई थी। एक युवक वाहन लेकर वहां से निकल गया। इसके बाद वह हीरानगर क्षेत्र में कर्णवात पान कॉर्नर के सामने पहुंचा और एक लोडिंग रिक्शा को टक्कर मार दी।
बाणगंगा में बाइक को मारी टक्कर
लोडिंग रिक्शा को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। बाणगंगा क्षेत्र में उसने एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर बिजली के पोल से जा टकराया। लगातार हुई टक्करों से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने वाहन जब्त किए
घटना के बाद लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक टेम्पो ट्रैवलर का पीछा किया। वाहन रुकने पर चालक को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा। पुलिस ने टेम्पो ट्रैवलर, बाइक और लोडिंग रिक्शा जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की मानसिक स्थिति को लेकर भी जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



