सांवेर के धरमपुरी में अवैध शराब से भरी हुंडई कार जब्त, आरोपी फरार
आबकारी विभाग ने 10 पेटी देशी मदिरा पकड़ी

इंदौर जिले के सांवेर वृत्त अंतर्गत धरमपुरी क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हुंडई कार से 10 पेटी देशी मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत 8 लाख 50 हजार 400 रुपए बताई गई है।
90 बल्क लीटर देशी शराब बरामद
आबकारी विभाग की टीम ने धरमपुरी क्षेत्र में संदिग्ध वाहन का पीछा कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कार से देशी मदिरा की आठ पेटी मसाला और दो पेटी प्लेन शराब मिली। इनकी कुल मात्रा 90 बल्क लीटर बताई गई है। विभाग ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई कार भी जब्त कर ली।
शराब और वाहन की कीमत 8.50 लाख रुपए से अधिक
जब्त की गई मदिरा का अनुमानित मूल्य 50 हजार 400 रुपए आंका गया है, जबकि कार की कीमत करीब आठ लाख रुपए बताई गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल 8 लाख 50 हजार 400 रुपए की सामग्री जब्त की गई।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज
मामले में आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा और सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई। कंट्रोलर कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं वृत्त सांवेर प्रभारी धर्मेन्द्र जोशी के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक बालमुकुंद गौड़ ने विभागीय आरक्षक अंकिता लोदवाल और योगेश कुमार मोहविया के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने अवैध मदिरा के परिवहन, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही है।



