राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ इंदौर की सड़कों पर दौड़े युवा, ‘रन फॉर यूनिटी’ में दिखा उत्साह
सरदार पटेल की जयंती पर नेहरू स्टेडियम से निकली दौड़

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर इंदौर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर निकली इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया।
हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई दौड़ को विधायक महेंद्र हार्डिया और अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्धारित मार्ग पर दौड़ते हुए प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। दौड़ नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, शिवाजी वाटिका, एमपीपीएससी चौराहा, ट्रैफिक पार्क और रेसीडेंसी होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।
विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
आयोजन में शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, स्काउट्स, प्रोफेसर, खेल शिक्षक और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करने के साथ नई पीढ़ी में एकता, आपसी सद्भाव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्र की प्रगति और सुरक्षा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
कलेक्टर कार्यालय में भी हुआ शपथ कार्यक्रम
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



