जनशक्ति उजाला
समाचार

महू-पीथमपुर में RTO की कार्रवाई, बिना परमिट चल रहीं दो स्कूल बसें जब्त

महू-पीथमपुर में 60 से अधिक वाहनों की जांच, छह पर 40 हजार रुपये से ज्यादा का जुर्माना

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर (महू-पीथमपुर), मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
महू-पीथमपुर में स्कूली और यात्री वाहनों की जांच करती संयुक्त टीम ।
महू-पीथमपुर में स्कूली और यात्री वाहनों की जांच करती संयुक्त टीम ।
शेयर करें:

इंदौर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और यात्री वाहनों में नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर परिवहन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महू-पीथमपुर क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना परमिट संचालित दो स्कूल बसों सहित तीन वाहनों को जब्त किया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले छह वाहन संचालकों पर 40 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।

60 से अधिक वाहनों की जांच

अभियान के दौरान टीम ने 60 से अधिक स्कूली वाहनों, उपनगरीय बसों और अन्य वाहनों की जांच की। इस दौरान परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। वाहनों की तकनीकी स्थिति, अग्निशमन उपकरणों और स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली भी जांची गई।

बच्चों और अभिभावकों से ली जानकारी

स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टीम ने बच्चों और उनके अभिभावकों से भी फीडबैक लिया। उनसे वाहन चालकों द्वारा तेज गति से बस चलाने और वाहन संचालन के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने जैसी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।

छह वाहनों पर लगाया जुर्माना

जांच के दौरान छह वाहनों में अलग-अलग अनियमितताएं और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन सामने आया। इसके बाद संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। बिना परमिट चल रही दो स्कूल बसों समेत तीन वाहनों को जब्त किया गया।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

इस कार्रवाई में महू एसडीएम, महू तहसीलदार और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय इंदौर की टीम शामिल रही। जिला प्रशासन ने कहा है कि स्कूली और शैक्षणिक संस्थानों के वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आकस्मिक जांच जारी रहेगी। स्कूल एवं लोक परिवहन वाहन संचालकों को सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखने और वाहनों को पूरी तरह फिट स्थिति में ही संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वोच्च न्यायालय के निर्धारित दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन भी अनिवार्य किया गया है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें