इंदौर में बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 11 बसों से वसूला 1.20 लाख जुर्माना; एक जब्त
स्टार चौराहे पर चला जांच अभियान, बिना परमिट इंदौर से गोरखपुर जा रही बस पकड़ी; सुरक्षा इंतजामों की भी हुई पड़ताल

यात्रियों की सुरक्षा और लोक परिवहन वाहनों में नियमों के पालन को लेकर इंदौर परिवहन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को स्टार चौराहे पर आरटीओ की टीम ने विशेष जांच करते हुए 11 बसों के खिलाफ कार्रवाई की। विभिन्न अनियमितताओं पर इन बसों से कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, इंदौर से गोरखपुर के बीच बिना परमिट संचालित हो रही एक बस को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई।
आपातकालीन सुरक्षा इंतजामों की जांच
अभियान के दौरान ऑल इंडिया टूरिस्ट बसों सहित अन्य लोक परिवहन वाहनों में इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन उपकरण और आपात स्थिति में यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने की व्यवस्था देखी गई। इसके अलावा ओवरलोडिंग और निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली की शिकायतों को लेकर भी जांच की गई। अधिकारियों ने बसों के परमिट, फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की।
नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
जांच में परमिट की शर्तों का पालन नहीं करने और यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि लेने सहित विभिन्न अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद 11 बसों पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। बिना वैध परमिट के इंदौर से गोरखपुर के बीच चल रही एक बस को जब्त किया गया।
चालक-परिचालकों को दिए निर्देश
कार्रवाई के दौरान आरटीओ प्रदीप शर्मा, एआरटीओ राजेश गुप्ता और विभागीय उड़नदस्ता टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बस चालकों और परिचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की समझाइश दी। उन्हें बसों में ज्वलनशील पदार्थ नहीं ले जाने, सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने और वाहनों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त होने पर ही संचालन करने के निर्देश दिए गए।
अन्य वाहनों की भी हो रही जांच
परिवहन विभाग द्वारा नियमित रूप से वाहनों की गति, स्पीड गवर्नर, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP), परमिट और फिटनेस दस्तावेजों की जांच की जा रही है। स्कूल और कॉलेज के वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग ने वाहन संचालकों को यातायात नियमों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक करने की बात कही है।



