जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर रेलवे स्टेशन रोड पर जाम से शहरवासी परेशान

प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर जाने वाले मार्ग पर बसों और ऑटो का जमावड़ा

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर बसों और ऑटो रिक्शा के जमावड़े से प्रभावित यातायात व्यवस्था ।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर बसों और ऑटो रिक्शा के जमावड़े से प्रभावित यातायात व्यवस्था ।
शेयर करें:

इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर यातायात व्यवस्था की बदहाली यात्रियों और शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। यहां सड़क पर बसों और ऑटो रिक्शा का जमावड़ा लगने से रोजाना जाम की स्थिति बनती है। हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहन चालकों को भी इस रास्ते से निकलने में मुश्किल होती है। लगातार बनी रहने वाली इस समस्या के चलते कई शहरवासियों ने इस मार्ग से गुजरना ही बंद कर दिया है और दूसरे रास्तों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

सड़क पर बसों और ऑटो का कब्जा

रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर जाने वाली सड़क करीब 30 फीट चौड़ी है। इसके मुकाबले प्लेटफॉर्म नंबर-6 के सामने की सड़क लगभग 60 फीट चौड़ी है। यात्रियों की आवाजाही मुख्य रूप से प्लेटफॉर्म नंबर-1 से होती है। इसके चलते इस ओर बसों का ठहराव रहता है। वहीं, ऑटो रिक्शा चालक भी सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारियों का इंतजार करते हैं। नतीजतन सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों से घिर जाता है और आवागमन प्रभावित होता है।

यातायात चौकी के सामने ही बिगड़े हालात

प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर यातायात विभाग की चौकी भी बनी हुई है। यहां 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती का दावा किया जाता है, लेकिन सड़क पर दिखाई देने वाली स्थिति व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े करती है। मौके पर बसें सड़क पर खड़ी नजर आती हैं और ऑटो रिक्शा चालक भी बेतरतीब तरीके से वाहन लगाकर रास्ता घेर लेते हैं। खास बात यह है कि सड़क के भीतर दीवार के पीछे ऑटो रिक्शा के लिए स्टैंड भी बनाया गया है, इसके बावजूद चालक वहां वाहन खड़े करने के बजाय सड़क पर ही इंतजार करते हैं।

जाम से बचने के लिए बदल रहे रास्ता

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह के समय इस मार्ग से निकलना अपेक्षाकृत आसान रहता है, लेकिन दिन के अन्य समय में जाम की समस्या बनी रहती है। इससे परेशान कई लोगों ने वैकल्पिक रास्तों से आना-जाना शुरू कर दिया है। उन्हें इसके लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ती है। रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थल के बाहर इस तरह की स्थिति यात्रियों के साथ आसपास के रहवासियों और वाहन चालकों के लिए भी परेशानी खड़ी कर रही है। यातायात पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इस मार्ग पर वाहनों के ठहराव और ऑटो रिक्शा की पार्किंग व्यवस्थित करने की जरूरत है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें