इंदौर में रजिस्ट्री कराने वालों की उमड़ी भीड़, सर्वर की सुस्ती ने बढ़ाया इंतजार
शुभ मुहूर्त में देर रात तक हो रहा पंजीयन

नवरात्रि के शुभ मुहूर्त में जमीन, प्लॉट, मकान, दुकान और फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के लिए इंदौर के पंजीयन कार्यालयों में लोगों की भीड़ बढ़ गई है। बढ़ते पंजीयन के दबाव के बीच कार्यालयों में देर रात तक दस्तावेजों का पंजीयन किया जा रहा है। हालांकि, सर्वर की धीमी गति के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है और लोगों को अपनी रजिस्ट्री पूरी कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
श्राद्ध पक्ष के बाद बढ़ी रजिस्ट्रियों की संख्या
श्राद्ध पक्ष के दौरान संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। इसके समाप्त होने और शुभ मुहूर्त शुरू होने के बाद पंजीयन कार्यालयों में रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या बढ़ गई है। इसके चलते स्लॉट बुकिंग का दबाव भी बढ़ा है। सभी बुक किए गए स्लॉट की रजिस्ट्री उसी दिन पूरी करने के लिए कर्मचारियों को देर रात तक काम करना पड़ रहा है।
वरिष्ठ जिला पंजीयक अमरेश नायडू के मुताबिक, बुक किए गए सभी स्लॉट की रजिस्ट्री पूरी होने तक कार्यालयों में काम जारी रखा जाता है, ताकि खरीदारों का काम उसी दिन पूरा हो सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
स्वामित्व योजना से भी बढ़ा सर्वर पर भार
प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि की रजिस्ट्री शुरू होने से पंजीयन व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा है। बड़ी संख्या में दस्तावेजों का पंजीयन होने के कारण सर्वर पर लोड बढ़ रहा है। इसका असर रजिस्ट्री की गति पर पड़ रहा है और दस्तावेजों के पंजीयन में अधिक समय लग रहा है।
एक ओर शुभ मुहूर्त में संपत्ति की रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर सर्वर की सुस्ती प्रक्रिया को धीमा कर रही है। ऐसे में स्लॉट बुक कराने के बाद भी लोगों को रजिस्ट्री पूरी होने तक लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।



