इंदौर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 14 टीआई के तबादले; कनाड़िया से लेकर द्वारकापुरी तक बदले प्रभारी
सहर्ष यादव अपराध शाखा भेजे गए, तिलक करोले को कनाड़िया की कमान; सराफा, खजराना और संयोगितागंज में भी नई तैनाती

इंदौर पुलिस में 14 निरीक्षकों की तैनाती में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अमन सिंह राठौड़ ने 22 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के तहत अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शहर के कई महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी बदले गए हैं, जबकि कुछ निरीक्षकों को अपराध शाखा और पुलिस आयुक्त कार्यालय में पदस्थ किया गया है।
कनाड़िया में तिलक करोले, सहर्ष यादव अपराध शाखा में
इस फेरबदल में कनाड़िया थाना प्रमुख बदलावों में शामिल है। यहां पदस्थ सहर्ष यादव को अपराध शाखा भेजा गया है, जबकि चंदननगर थाने से तिलक करोले को कनाड़िया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वेदेंद्र सिंह कुशवाहा को पुलिस उपायुक्त जोन-1 कार्यालय से चंदननगर थाने भेजा गया है।
द्वारकापुरी से रावजी बाजार तक बदली तैनाती
द्वारकापुरी थाना प्रभारी मनीष मिश्रा को रावजी बाजार थाने भेजा गया है। उनकी जगह अपराध शाखा में पदस्थ अजय नायर को द्वारकापुरी की जिम्मेदारी दी गई है। रावजी बाजार से दीपसिंह परमार को सराफा थाने भेजा गया है, जबकि सराफा से राजकुमार लिटोरिया को अपराध शाखा में पदस्थ किया गया है।
खजराना थाने से मनोज सेंधव को एरोड्रम भेजा गया है। संयोगितागंज से कृष्णपाल सिंह यादव को खजराना थाने की जिम्मेदारी मिली है, जबकि अपराध शाखा से नीरज मईड़ा को संयोगितागंज भेजा गया है।
एमआईजी और लसूड़िया में भी बदलाव
एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह को उनके स्वयं के अनुरोध पर पुलिस आयुक्त कार्यालय में पदस्थ किया गया है। लसूड़िया थाने से नीतू सिंह को एमआईजी भेजा गया है। वहीं, रक्षित केंद्र इंदौर में पदस्थ जयसीराम बरडे को लसूड़िया थाने में टूआईसी (द्वितीय प्रभारी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा रक्षित केंद्र इंदौर से मनोज दुबे को अपराध शाखा में पदस्थ किया गया है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेगी।



