जनशक्ति उजाला
समाचार

PM स्वनिधि योजना में इंदौर का देशभर में दबदबा, मेगा सिटी श्रेणी में पहला स्थान

अहमदाबाद को पछाड़कर हासिल किया शीर्ष मुकाम

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
प्रधानमंत्री स्वनिधि 2.0 योजना में देश में पहला स्थान मिलने पर सम्मान प्राप्त करते महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और योजना प्रभारी मनीष शर्मा ।
प्रधानमंत्री स्वनिधि 2.0 योजना में देश में पहला स्थान मिलने पर सम्मान प्राप्त करते महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और योजना प्रभारी मनीष शर्मा ।
शेयर करें:

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में इंदौर ने देश के बड़े शहरों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi 2.0) के तहत मेगा सिटी श्रेणी में इंदौर नगर निगम ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में अहमदाबाद दूसरे स्थान पर रहा। ऋण वितरण की सभी श्रेणियों में भी इंदौर का प्रदर्शन सबसे आगे रहा। इस प्रदर्शन के लिए केंद्र सरकार ने नगर निगम को स्वनिधि सम्मान अवार्ड 2026 से नवाजा है।

नई दिल्ली में समारोह के दौरान मिला सम्मान

भारत सरकार की ओर से 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इंदौर नगर निगम के प्रतिनिधियों को सम्मान प्रदान किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और योजना प्रभारी मनीष शर्मा 'मामा' ने पुरस्कार प्राप्त किया। इस दौरान योजना के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाने वाली निगम की राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) टीम के कार्यों की भी सराहना की गई। सिटी मिशन मैनेजर राजवीर धाकड़ भी समारोह में मौजूद थे।

लक्ष्य से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को मिला बैंक ऋण

योजना के तहत इंदौर के लिए 1,86,535 ऋण प्रकरणों का लक्ष्य तय किया गया था, जबकि निगम की ओर से 2,02,531 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण दिलाने की जानकारी दी गई है। वर्ष 2020 में योजना शुरू होने से अब तक तीनों चरणों में 2,02,503 ऋण प्रकरण स्वीकृत एवं वितरित किए जाने और कुल 362.3 करोड़ रुपये की राशि बांटे जाने का विवरण भी दिया गया है। वहीं, PM SVANidhi 2.0 के अंतर्गत 48 हजार से अधिक ऋण प्रकरणों का वितरण किया गया, जो देश में सर्वाधिक बताया गया है।

छोटे कारोबारियों को बिना गारंटी मिलती है आर्थिक मदद

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को व्यवसाय संचालित करने के लिए कार्यशील पूंजी मुहैया कराना है। इसके तहत पात्र हितग्राहियों को बिना किसी सिक्योरिटी के क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता है। इसके अलावा 30 हजार रुपये तक की क्रेडिट कार्ड सुविधा भी दी जाती है। योजना में हितग्राहियों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइल तैयार कर उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रावधान भी है।

NULM टीम और बैंकर्स के समन्वय से आगे रहा इंदौर

महापौर पुष्यमित्र भार्गव के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के नेतृत्व में पात्र पथ विक्रेताओं की पहचान, पंजीयन, आवेदन प्रक्रिया और बैंकों के साथ समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया। योजना प्रभारी मनीष शर्मा 'मामा' और अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव के अनुसार, निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने मैदानी स्तर पर हितग्राहियों से संपर्क कर ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए लगातार प्रयास किए।

इस कार्य में अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव, उपायुक्त डॉ. केशव सगर, सिटी मिशन मैनेजर राजवीर धाकड़ और दीप्ति रावत, किसना बनैत, अधीक्षक रघुवीर यादव, मुकेश डेहरिया, सभी जोन प्रभारी, सामुदायिक संगठक, NULM स्टाफ और बैंकर्स का विशेष योगदान रहा।

महापौर और आयुक्त ने टीम के प्रयासों को सराहा

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक पात्र पथ विक्रेता तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने राष्ट्रीय सम्मान को अधिकारियों, कर्मचारियों और NULM टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। योजना प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि मेगा सिटी श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल करना इंदौर के लिए गौरव की बात है। यह सम्मान निगम के जनहितकारी प्रयासों और टीमवर्क को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें