लाइसेंस के लिए 15 हजार की रिश्वत मांगने वाली पंचायत सचिव 12 हजार लेते पकड़ाई
EOW ने पेट्रोल पंप पर बिछाया जाल

इंदौर में शनिवार, 14 नवंबर को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पंचायत सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि गांव में व्यापार और व्यवसाय शुरू करने के लिए लाइसेंस जारी करने के बदले सचिव ने आवेदक से 15 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद EOW ने जाल बिछाया और 12 हजार रुपए लेते हुए पंचायत सचिव श्यामा साहू को पकड़ लिया। कार्रवाई असरावद बुजुर्ग के 7 मिल क्षेत्र में स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर की गई।
लाइसेंस पर हस्ताक्षर करने के बदले मांगी रकम
मामले में ग्राम रेणुका टेकरी, असरावद बुजुर्ग निवासी अनोखी गवलिया ने EOW इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने ग्राम पंचायत असरावद बुजुर्ग, जनपद पंचायत एवं जिला इंदौर के कार्यालय में गांव में व्यापार और व्यवसाय शुरू करने के लिए लाइसेंस का आवेदन दिया था। इस लाइसेंस पर पंचायत सचिव श्यामा साहू के हस्ताक्षर होने थे। आरोप है कि हस्ताक्षर करने और लाइसेंस जारी करने के बदले उनसे 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई।
शिकायत के बाद तैयार की गई ट्रैप योजना
सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगे जाने से परेशान आवेदक ने EOW के पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत रखी। शिकायत की जांच के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई की योजना बनाई। शुरुआती जांच में जरूरी साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने शिकायतकर्ता के साथ समन्वय कर रिश्वत लेते हुए पंचायत सचिव को पकड़ने की तैयारी की।
नायरा पेट्रोल पंप पर हुई कार्रवाई
तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता पंचायत सचिव को रिश्वत की रकम देने पहुंचा। जैसे ही 12 हजार रुपए दिए गए, उसने पूर्व निर्धारित संकेत के जरिए EOW टीम को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने असरावद बुजुर्ग के 7 मिल इलाके में स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर श्यामा साहू को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया।
कार्रवाई में ये अधिकारी और कर्मचारी रहे शामिल
EOW की इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक नंदिनी शर्मा और योगेंद्र सिंह सिसोदिया, निरीक्षक कैलाशचंद्र पाटीदार और आमोद सिंह राठौर सहित हरीश वर्मा, अजय चौबे, अजय सोलंकी, नितिन जावरिया, नीलम कुशवाह और योगेंद्र ठाकुर शामिल रहे।



