जनशक्ति उजाला
समाचार

नायता मुंडला तालाब की बदहाली पर निगम सख्त, तीन अधिकारियों को नोटिस; 4 मीट दुकानें सील

जलस्त्रोत में गंदगी और सफाई में लापरवाही पर कार्रवाई

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
तालाब की सफाई और मीट दुकानों की अव्यवस्थाओं पर नगर निगम की कार्रवाई ।
तालाब की सफाई और मीट दुकानों की अव्यवस्थाओं पर नगर निगम की कार्रवाई ।
शेयर करें:

इंदौर के नायता मुंडला तालाब में गंदगी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही के मामले को नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गंभीरता से लिया है। तालाब की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद आयुक्त ने संबंधित क्षेत्र के जोनल अधिकारी सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा है। वहीं, शहर में मीट और मछली की दुकानों पर भी निगम ने कार्रवाई करते हुए चार दुकानों को सील किया है। सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर 15 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाने के साथ एक लाख रुपये से अधिक का बकाया मीट अपशिष्ट शुल्क भी वसूला गया है।

तालाब की निगरानी में लापरवाही पर जवाब तलब

नायता मुंडला तालाब में आसपास के क्षेत्रों का गंदा पानी मिलने, कचरा फेंके जाने और मांस विक्रेताओं द्वारा अपशिष्ट डालने की समस्या सामने आई थी। तालाब में मछली पालन और दूषित पानी व अपशिष्ट के सेवन से मछलियों के माध्यम से मानव स्वास्थ्य पर संभावित दुष्प्रभावों को लेकर भी चिंता जताई गई थी।

तीन अधिकारियों से दो दिन में मांगा जवाब

मामले में आयुक्त ने जोनल अधिकारी तन्मय सिंह चौहान, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक विनय मिश्रा और मीट प्रभारी राजेश पथरोड को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में आवंटित क्षेत्र के जलस्त्रोतों का नियमित निरीक्षण और निगरानी नहीं करने को कार्य के प्रति लापरवाही माना गया है। शहर में अल्पवर्षा के कारण आगामी महीनों में जलसंकट की आशंका को देखते हुए जलस्त्रोतों की सफाई और संरक्षण के निर्देश पहले भी दिए गए थे। इनका पालन नहीं होना गंभीर उदासीनता माना गया है। तीनों अधिकारियों को दो दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

मीट दुकानों पर भी निगम की कार्रवाई

दूसरी ओर, निगम की मीट अपशिष्ट प्रबंधन टीम ने शहर की मीट और मछली दुकानों का निरीक्षण किया। अपर आयुक्त प्रखंर सिंह के अनुसार, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर चार दुकानों को सील किया गया। इसके अलावा सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर 15 हजार रुपये से अधिक का चालान किया गया, जबकि बकाया मीट अपशिष्ट शुल्क के रूप में एक लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।

शेयर करें:

संबंधित खबरें