14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स का इंदौर में संदेश, सड़कों पर गूंजा ‘नशे के खिलाफ जंग’ का संकल्प
राष्ट्रीय एकता की यात्रा में इंदौर पुलिस भी शामिल, युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील

राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त समाज का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली शुक्रवार, 23 अक्टूबर को इंदौर पहुंची। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के समन्वय से चल रहे इस अभियान में 14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स शामिल हैं। करीब 2,600 किलोमीटर से अधिक की यात्रा तय कर इंदौर पहुंचे इस दल में मध्यप्रदेश पुलिस के सात बाइक राइडर्स भी शामिल रहे। रैली का उद्देश्य 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भागीदारी के साथ देशभर में सामाजिक समरसता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से किया जागरूक
डेली कॉलेज में रैली के स्वागत के साथ नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, विभिन्न राज्यों से आए बाइक राइडर्स, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में माइम, मिमिक्री, शास्त्रीय नृत्य, रैप और नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। मिलेनियम स्कूल की ड्राइंग प्रतियोगिता और दिल्ली पब्लिक स्कूल, निपनिया की स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। ‘Say No to Drugs’ विषय पर बनाई गई पेंटिंग का भी अनावरण हुआ।
नशामुक्त भारत के लिए समाज की भागीदारी पर जोर
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह रैली केवल यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और नशे के खिलाफ जनजागरण का अभियान है। उन्होंने दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे पूरा करने के लिए पुलिस के साथ समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताया। अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और नागरिकों से भी नशामुक्ति के प्रयासों में जिम्मेदारी निभाने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
इंदौर पुलिस के अधिकारियों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डेली कॉलेज से शुरू हुई रैली व्हाइट चर्च चौराहा, जीपीओ चौराहा, भंवरकुआं चौराहा, राजीव गांधी चौराहा और गीताभवन से होते हुए पलासिया सेल्फी पॉइंट पर समाप्त हुई। रास्ते में बाइक राइडर्स ने ‘Fight Against Drugs’ का संदेश दिया।
रैली के प्रतिभागी अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ते हुए शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश पहुंचा रहे हैं।



