इंदौर में जल कनेक्शनों को लेकर नगर निगम का बड़ा फैसला
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

इंदौर में अवैध जल कनेक्शनों को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। कनेक्शन वैध कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की समयसीमा समाप्त होने के बाद भी जिन घरों और प्रतिष्ठानों में अवैध नल कनेक्शन पाए जाएंगे, उन पर दोगुना जुर्माना लगाने के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मंगलवार को अभियान की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों को कनेक्शन नियमित कराने का पर्याप्त अवसर दिया जाए, लेकिन निर्धारित समय के बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
अभियान खत्म होते ही होगी कार्रवाई
महापौर ने कहा कि अवैध जल कनेक्शनों को वैध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद जो लोग निर्धारित समय में अपने कनेक्शन नियमित नहीं कराएंगे, उनके खिलाफ दोगुना जुर्माना और एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। निगम अधिकारियों को अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गर्मी से पहले संवेदनशील क्षेत्रों का सर्वे
आगामी गर्मी में संभावित जलसंकट से निपटने के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों का विशेष सर्वे कराया जाएगा। इसमें उन क्षेत्रों की पहचान होगी, जहां पानी की कमी की आशंका है। साथ ही मौजूदा जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त जलापूर्ति की तैयारी की जाएगी।
सरकारी बोरवेल से हटाए जाएंगे कब्जे
शहर के सार्वजनिक बोरवेल का सर्वे कराकर उन पर किए गए निजी कब्जे हटाए जाएंगे। निगम का उद्देश्य इन जलस्रोतों का उपयोग आम नागरिकों के हित में सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही जलकर के बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई की जाएगी।
पानी की बर्बादी रोकने के लिए बनेगा कॉल सेंटर
जल संरक्षण को बढ़ावा देने और पानी की बर्बादी पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम विशेष कॉल सेंटर शुरू करेगा। इसके माध्यम से पानी व्यर्थ बहाने वालों के खिलाफ शिकायतें प्राप्त की जाएंगी और संबंधित मामलों में कार्रवाई की जाएगी।



