जनशक्ति उजाला
समाचार

सीवरेज कार्यों की लंबित फाइलों पर निगम की सख्ती, लापरवाही करने वाले उपयंत्रियों को नोटिस

झोन 1 से 22 तक के अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
जलकार्य विभाग की बैठक में सीवरेज कार्यों की लंबित फाइलों की समीक्षा करते जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’।
जलकार्य विभाग की बैठक में सीवरेज कार्यों की लंबित फाइलों की समीक्षा करते जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’।
शेयर करें:

वार्डों में सीवरेज से जुड़े विकास और संधारण कार्यों में हो रही देरी को दूर करने के लिए नगर निगम ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा शुरू की है। इसी कड़ी में जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’ ने निगम मुख्यालय में बैठक लेकर पार्षद निधि से संबंधित लंबित फाइलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने झोन क्रमांक 1 से 22 तक के अधिकारियों से अलग-अलग चर्चा कर प्रकरणों के अटकने के कारण जाने और उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। लापरवाही के कारण फाइलें लंबित रखने वाले संबंधित उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के लिए भी कहा गया।

तकनीकी औपचारिकताओं के कारण अटक रहे प्रकरण

समीक्षा के दौरान सामने आया कि सीवरेज लाइन के सुधार, संधारण और अन्य जरूरी कार्यों से जुड़ी कई फाइलें तकनीकी त्रुटियों तथा आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण झोनल कार्यालयों और निगम मुख्यालय के बीच लंबित रहती हैं। इससे वार्डों में प्रस्तावित विकास कार्यों को शुरू करने में देरी होती है और नागरिकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

दो चरणों में हुई सभी 22 झोन की समीक्षा

जलकार्य प्रभारी ने बताया कि लंबित मामलों की समीक्षा दो चरणों में की गई। पहले झोन क्रमांक 1 से 11 तक और इसके बाद झोन क्रमांक 12 से 22 तक के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसमें पार्षद निधि के साथ अन्य निधियों से प्रस्तावित सीवरेज विकास एवं संधारण कार्यों की फाइलों का भी एक-एक करके परीक्षण किया गया।

समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित फाइलों में जरूरी दस्तावेज और तकनीकी औपचारिकताएं तत्काल पूरी कराई जाएं। प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार निराकरण करते हुए स्वीकृत कार्यों को समय पर शुरू कराने की व्यवस्था की जाए। समीक्षा में कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, लक्ष्मीकांत वाजपेयी सहित झोनल अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें