इंदौर में मीट दुकानों पर निगम की कार्रवाई, पांच दुकानें सील; 90 हजार रू. से अधिक का शुल्क वसूला
सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर की गई कार्रवाई

शहर में मीट, मछली और चिकन की दुकानों पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने निरीक्षण अभियान चलाया। गुरुवार को निगम की मीट अपशिष्ट प्रबंधन टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। इस दौरान सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर पांच दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं, बकाया मीट अपशिष्ट शुल्क के रूप में 90 हजार रुपये से अधिक की राशि भी वसूली गई।
चार क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण
आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में शांतिपथ मटन मार्केट, कड़ाऊघाट, हवा बंगला और विदुर नगर स्थित मीट दुकानों का निरीक्षण किया गया। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उत्तम यादव के अनुसार, जांच के दौरान स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर पांच दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई।
शांतिपथ मटन मार्केट में चालानी कार्रवाई
मीट प्रभारी राजेश पतरोड के निर्देशन में टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों की सफाई व्यवस्था भी जांची। शांतिपथ मटन मार्केट में गंदगी और सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर संबंधित दुकानों के खिलाफ 1,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
बकाया शुल्क की भी वसूली
निरीक्षण अभियान के दौरान मीट दुकानों पर बकाया अपशिष्ट प्रबंधन शुल्क की जांच की गई। इस दौरान निगम की टीम ने 90 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूल की। निगम का उद्देश्य मीट दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपशिष्ट का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना है।



