इंदौर के 22 जोनों में लिफ्टों की सुरक्षा जांच
29 भवनों का निरीक्षण

शहर के अस्पतालों, होटलों, मॉल और अन्य भवनों में लगी लिफ्टों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर भवन अनुज्ञा शाखा की टीम सभी 22 जोनों में लिफ्टों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है। अभियान के पहले चरण में 29 भवनों एवं परिसरों में लिफ्टों का निरीक्षण किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी स्थिति की जांच
अपर आयुक्त प्रखर सिंह के अनुसार, संबंधित जोनों के भवन अधिकारी और निरीक्षक अस्पतालों, होटलों, शॉपिंग मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा आवासीय परिसरों में पहुंचकर लिफ्टों का परीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा उपकरणों, तकनीकी व्यवस्था और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। जहां कमियां सामने आ रही हैं, उन्हें चिह्नित कर भवन प्रबंधन को सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।
अस्पतालों से लेकर व्यावसायिक भवनों तक पहुंची टीम
पहले चरण में जिन 29 भवनों एवं परिसरों की लिफ्टों का निरीक्षण किया गया, उनमें व्हाइट लोटस प्लाजा, होटल अमर विलास, अयोध्या हाइट्स, आकाश हॉस्पिटल, मॉल 51, SAIMS हॉस्पिटल, शैफाली जैन हॉस्पिटल, मोहक हॉस्पिटल, सिल्वर लेक विस्टा, श्रीनाथजी एक्सोटिका, ग्लेसीस हाइट, भारत लाइफस्टाइल, आइडियल इंटरनेशनल स्कूल, हेल्थ केयर हॉस्पिटल, बाफना टावर, एसडी होटल, साहिल एम्पायर, द अग्रवाल कॉर्पोरेट हाउस, शिवा हॉस्पिटल, इंडस टावर्स, वेलोसिटी/मिराज सिनेमा, क्योरवेल हॉस्पिटल, ऑरेंज हॉस्पिटल, यूनिटी मॉल और मदरहुड हॉस्पिटल सहित अन्य परिसर शामिल हैं।
ऑडिट रिपोर्ट नहीं देने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान भवन स्वामियों और प्रबंधन को लिफ्टों की कमियां निर्धारित समय में दूर करने के लिए कहा गया है। साथ ही प्रत्येक भवन में स्थापित लिफ्ट का विधिवत सुरक्षा ऑडिट कराकर उसकी रिपोर्ट नगर निगम में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि लिफ्टों के रखरखाव और तकनीकी सुरक्षा जांच में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय समय में ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने या चिह्नित कमियों को दूर नहीं करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का यह अभियान सार्वजनिक, व्यावसायिक और आवासीय भवनों में लिफ्टों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।



