इंदौर नगर निगम की 311 ऐप में जुड़ी नई सुविधा, अब घर बैठे होगा ये काम
नहीं लगाना पड़ेगा निगम कार्यालय का चक्कर

इंदौर नगर निगम ने संपत्ति मालिकों को राहत देते हुए अपनी Indore 311 App में नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। अब शहर के भवन और भूमि स्वामी घर बैठे अपनी संपत्ति का स्वकर निर्धारण कर सकेंगे। इसके लिए निगम के मोबाइल ऐप पर स्वकर निर्धारण विवरणी (Self Assessment Form) का नया मॉड्यूल शुरू किया गया है। इस सुविधा से संपत्ति संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने में आसानी होगी।
स्वकर निर्धारण विवरणी देना अनिवार्य
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था के संबंध में राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 138(2) के तहत प्रत्येक भवन एवं भूमि स्वामी के लिए स्वकर निर्धारण विवरणी प्रस्तुत करना अनिवार्य है। अब नागरिक Indore 311 App पर अपनी संपत्ति का आवश्यक विवरण दर्ज कर यह प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी कर सकते हैं।
वास्तविक क्षेत्रफल दर्ज कराने की भी सुविधा
अपर आयुक्त आकाश सिंह ने बताया कि नई सुविधा उन संपत्ति मालिकों के लिए भी उपयोगी होगी, जिनकी संपत्ति का वास्तविक क्षेत्रफल वर्तमान E-Nagar Palika (ENP) पोर्टल पर दर्ज क्षेत्रफल से अधिक है। ऐसे मालिक ऐप के माध्यम से अपनी संपत्ति का वास्तविक क्षेत्रफल दर्ज कर स्वकर निर्धारण विवरणी प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे निगम के रिकॉर्ड में संपत्ति का सही विवरण दर्ज कराने में मदद मिलेगी।
सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करना जरूरी
नगर निगम ने सभी भवन एवं भूमि स्वामियों से अपील की है कि स्वकर निर्धारण विवरणी भरते समय अपना वर्तमान और सक्रिय मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। जिनका मोबाइल नंबर पहले से दर्ज है, वे जरूरत के अनुसार उसे अपडेट कर लें। इससे संबंधित संपत्ति की महत्वपूर्ण जानकारी, संपत्तिकर संबंधी सूचनाएं और विभिन्न छूट एवं रियायतों की जानकारी सीधे मोबाइल पर भेजी जा सकेगी।
नागरिकों से सुविधा का लाभ लेने की अपील
नगर निगम ने शहर के सभी भवन एवं भूमि मालिकों से Indore 311 App पर शुरू की गई इस सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया है। नागरिक घर बैठे अपनी संपत्ति का स्वकर निर्धारण करें, नियमानुसार विवरणी प्रस्तुत करें और मोबाइल नंबर भी अपडेट रखें। नई व्यवस्था का उद्देश्य संपत्ति कर से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाना और नागरिकों को निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है।



