इंदौर में गर्मियों से पहले पेयजल संकट से निपटने की तैयारी, 22 नए जल सम्प बनाने की योजना
25 जलसंकट प्रभावित वार्डों पर रहेगा विशेष ध्यान

कम बारिश के कारण आगामी गर्मियों में पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए इंदौर नगर निगम ने जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। शहर में पानी के भंडारण और वितरण को बेहतर बनाने के लिए करीब 22 नए जल सम्प विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके साथ ही पहले से मौजूद आठ से नौ जल सम्प को दोबारा उपयोगी बनाने पर भी काम किया जाएगा।
20 से 25 प्रभावित वार्डों पर विशेष फोकस
इस संबंध में शनिवार को नगर निगम में बैठक आयोजित की गई। इसमें महापौर परिषद के सदस्य एवं जलकार्य प्रभारी अभिषेक 'बबलू' शर्मा, अपर आयुक्त आशीष पाठक और अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में उन 20 से 25 वार्डों पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया, जहां नर्मदा जल की आपूर्ति पर्याप्त नहीं होने से गर्मियों में पानी की समस्या सामने आती है। इन क्षेत्रों को डार्क जोन के रूप में चिह्नित किया गया है।
नए सम्प पर बनेंगे हाइड्रेंट
अपर आयुक्त आशीष पाठक ने बताया कि प्रस्तावित नए जल सम्प के अधिकांश स्थानों पर बोरवेल आधारित हाइड्रेंट विकसित किए जाएंगे। इससे पानी के टैंकर आसानी से भरे जा सकेंगे। पेयजल की गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए क्लोरीनेटर भी लगाए जाएंगे।
वार्डवार तैयार होगी कार्ययोजना
जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा के अनुसार रेड जोन क्षेत्रों के लिए वार्डवार योजना तैयार की जा रही है। इसमें टैंकरों की उपलब्धता, वितरण नेटवर्क और पानी के भंडारण की सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में नई पाइपलाइन बिछाकर सीधे जलापूर्ति संभव है, वहां इस विकल्प पर भी विचार किया जाएगा। नए जल सम्प के लिए दो दिन के भीतर टेंडर जारी किए जाने की संभावना जताई गई है।
चार दिन में नियमित किए 988 कनेक्शन
नगर निगम ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए चार दिनों में 988 अनधिकृत कनेक्शन नियमित किए हैं। करीब 20 दिन बाद अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। इसके बाद अवैध कनेक्शन रखने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निगम ने पानी की पाइपलाइन पर सीधे मोटर लगाकर पानी खींचने की अनधिकृत व्यवस्था पर भी रोक लगाई है।
जल भंडारण और वितरण पर रहेगा जोर
नगर निगम की योजना का उद्देश्य गर्मियों में प्रभावित क्षेत्रों तक पर्याप्त पानी पहुंचाना और टैंकरों पर निर्भरता को व्यवस्थित करना है। कम बारिश के बाद भूजल स्तर में संभावित गिरावट को देखते हुए जल स्रोतों और वितरण व्यवस्था की तैयारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



