जन विश्वास शिविर में सुनीं नागरिकों की समस्याएं, छात्राओं के एटीएम मॉडल को सराहा
योजनाओं का लाभ बांटा, स्वास्थ्य जांच भी हुई

इंदौर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 23 अक्टूबर को चिमनबाग स्थित स्काउट ग्राउंड, जोन क्रमांक-3 में विशाल शिविर आयोजित किया गया। यहां अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित करने के साथ स्वास्थ्य जांच और नि:शुल्क दवा वितरण की व्यवस्था भी की गई।
कलेक्टर ने कन्या विद्यालय का किया निरीक्षण
अभियान के तहत कलेक्टर शिवम वर्मा ने पोलोग्राउंड स्थित शासकीय सांदीपनि अहिल्याश्रम कन्या विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि छात्राओं ने एटीएम का आधुनिक मॉडल तैयार किया है। कलेक्टर ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
शिविर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों से समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनके समाधान पर ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन और एसडीएम घनश्याम धनगर सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
पीएम स्वनिधि योजना से बढ़ी शिवम ओझा की आमदनी
शिविर में मुसाखेड़ी निवासी हितग्राही शिवम ओझा ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिले ऋण के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्राप्त ऋण से उनकी फुटवियर दुकान की आमदनी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इससे आगे अधिक ऋण लेने की पात्रता मिलने की संभावना भी बनी है।
शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए।
विभागों ने लगाए स्टॉल, नागरिकों की हुई स्वास्थ्य जांच
शिविर में पशुपालन, डेयरी एवं डेयरी विकास विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य जांच शिविर में नागरिकों का परीक्षण किया गया और नि:शुल्क दवाइयां वितरित करने के साथ आवश्यक उपचार की व्यवस्था की गई।



