इंदौर में सक्रिय है मोबाइल चोर गिरोह, ऐसे चुनते हैं शिकार, रहें सावधान
मोबाइल चुराते ही बैंक खाते से निकाल लेते हैं पूरी रकम

इंदौर के भीड़भाड़ वाले बाजारों और रेस्टोरेंट में मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह लोगों के लिए नई मुसीबत बन गया है। यह गिरोह खासतौर पर उन लोगों को निशाना बना रहा है, जो दुकानों और रेस्टोरेंट में यूपीआई के जरिए भुगतान करते हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह नाबालिगों का इस्तेमाल कर रहा है। मोबाइल हाथ लगते ही उसके जरिए बैंक खातों से रुपये निकालने की घटनाएं भी सामने आई हैं। क्राइम ब्रांच और शहर के अलग-अलग थानों में इस तरह की दस से ज्यादा शिकायतें और मामले सामने आ चुके हैं।
यूपीआई भुगतान करने वालों पर रखते हैं नजर
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार गिरोह के सदस्य बाजारों, दुकानों और रेस्टोरेंट में ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं। खासतौर पर उन लोगों को निशाना बनाया जाता है, जो मोबाइल से यूपीआई भुगतान करते हैं। जैसे ही कोई ग्राहक पेमेंट करने के बाद फोन जेब में रखता है, गिरोह के नाबालिग सदस्य उसका पीछा करने लगते हैं। आगे किसी दुकान पर रुकने या भीड़ में व्यस्त होने के दौरान मौका देखकर उसका मोबाइल चोरी कर लिया जाता है।
मोबाइल मिलते ही बैंक खाते तक पहुंचने की कोशिश
इस गिरोह की वारदात में एक अन्य सदस्य की भी भूमिका रहती है, जो मोबाइल चोरी होते ही वाहन से मौके से निकल जाता है। जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार कई लोग मोबाइल में लॉक लगाना भूल जाते हैं या भुगतान के दौरान बदमाश उनका पिन नंबर देख लेते हैं। ऐसी स्थिति में चोरी किए गए फोन के जरिए बैंक खातों तक पहुंचकर रकम निकाल ली जाती है। पुलिस गिरोह के सदस्यों और उनके वारदात करने के तरीके की जांच कर रही है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में 200 से ज्यादा मोबाइल चोरी की आशंका
रविवार को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान भी बड़े पैमाने पर मोबाइल चोरी होने की आशंका है। आयोजन के दौरान 200 से ज्यादा मोबाइल चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही हैं। खजराना पुलिस और क्राइम ब्रांच फिलहाल सिटीजन कॉप के माध्यम से शिकायतें ले रही हैं। चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन दिल्ली तक मिलने की जानकारी भी सामने आई है।



