इंदौर में बाइक से स्टंट कर रही ‘मिर्जापुर गैंग’ पर पुलिस का शिकंजा, युवकों को किया गिरफ्तार
फिल्मी डायलॉग के साथ सड़क पर बना रहे थे रील, वायरल वीडियो से हुई पहचान

इंदौर में सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंट करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। खुद को ‘मिर्जापुर गैंग’ बताकर फिल्मी अंदाज में बाइक का काफिला निकाल रहे युवकों को खजराना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बीच सड़क पर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहे थे और उसमें फिल्म ‘मिर्जापुर’ के डायलॉग का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद सभी ने थाने में अपनी गलती स्वीकार की। इतना ही नहीं, कैमरे के सामने कान पकड़कर और घुटनों के बल चलकर माफी भी मांगी।
वायरल वीडियो से खुला स्टंटबाजी का मामला
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर युवकों का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे बाइक का काफिला लेकर सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में ‘माफिया’ लिखकर फिल्म मिर्जापुर का डायलॉग भी जोड़ा गया था। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की और उसमें दिखाई दे रही गाड़ियों के नंबरों के आधार पर युवकों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम रात में ही आरोपियों के घर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया।
पांच अलग-अलग इलाकों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने इस मामले में अरशद अहमद निवासी हाथीपाला (रावजी बाजार), कुणाल यादव निवासी लाभम ग्रीन द्वारकापुरी, याहया फारुखी निवासी मदीना नगर, सरफराज खान निवासी आजाद नगर और शाहनवाज निवासी मदीना नगर, आजाद नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
कैमरे के सामने कान पकड़कर मांगी माफी
पुलिस कार्रवाई के बाद पांचों युवकों ने थाने में अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। उन्होंने कैमरे के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और घुटनों के बल चलकर अपनी गलती पर पछतावा जताया। आरोपियों ने भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी नहीं करने और सड़क पर दूसरे लोगों की जान को खतरे में नहीं डालने की शपथ भी ली।



