जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में आधी रात आग का तांडव, चार से पांच बसें हुईं खाक

दो घंटे में पाया काबू

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
इंदौर के चार्टर्ड बस डिपो में आग से जलकर खाक हुईं बसें ।
इंदौर के चार्टर्ड बस डिपो में आग से जलकर खाक हुईं बसें ।
शेयर करें:

इंदौर में कृषि महाविद्यालय के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से चार से पांच बसें पूरी तरह जल गईं। रात करीब दो बजे हुई इस घटना से डिपो परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण वहां खड़ी अन्य बसों के भी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कचरे से बसों तक पहुंचीं आग की लपटें

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डिपो परिसर के पास पड़े कचरे में अचानक आग लगी थी। हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और पास में खड़ी चार्टर्ड बसों तक पहुंच गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और चार से पांच बसें आग की चपेट में आ गईं। हादसे के समय परिसर में आई-बस सहित कई अन्य बसें भी खड़ी थीं।

दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा

आग लगने के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार उठने लगा। डिपो कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग को फैलने से रोकने के लिए डिपो में खड़ी दूसरी बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया गया। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर करीब दो घंटे में लपटों पर नियंत्रण पाया। आग बुझने के बाद डिपो में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें