इंदौर में पेयजल के लिए निगम का बड़ा फैसला
300 बोरिंग, 33 टैंकरों को मंजूरी

इंदौर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने से लेकर सौर ऊर्जा, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण तक नगर निगम कई नई पहल करने जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में शनिवार को हुई मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में 300 नए बोरिंग कराने, मोटर सहित 100 नलकूप स्थापित करने और 33 नए पानी के टैंकर खरीदने की अनुमति दी गई। इसके साथ ही 8 दिसंबर को नगर निगम परिषद का सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।
सौर ऊर्जा के लिए बनेगा अलग विभाग
शहर में स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम में सोलर एवं रिन्यूएबल एनर्जी का पृथक विभाग गठित किया जाएगा। इसके माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं पर व्यवस्थित ढंग से काम किया जा सकेगा।
311 एप से घर पहुंचेगा ट्रीटेड वॉटर
नागरिक अब इंदौर 311 एप के माध्यम से उपचारित जल (ट्रीटेड वॉटर) के लिए आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित शुल्क जमा करने पर जरूरत के अनुसार घर तक पानी पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा शुल्क आधारित ऑन डिमांड कचरा संग्रहण के लिए एजेंसी तय करने और ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा देने के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली।
तालाबों के संरक्षण पर खर्च होंगे 25 करोड़
यशवंत सागर और सिरपुर तालाब के वेटलैंड विकास के लिए इंटीग्रेटेड प्लान को स्वीकृति दी गई। इसके तहत मध्यप्रदेश शासन से करीब 25 करोड़ रुपये का अनुदान मिलने की संभावना है। इस राशि से दोनों जलाशयों के पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के कार्य किए जाएंगे।
दिव्यांगजनों की भर्ती और आवास आवंटन को मंजूरी
नगर निगम में दिव्यांगजनों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। शासन की अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार भर्ती की जाएगी, जिससे पहले चयनित 300 से अधिक दिव्यांगजनों को निगम में सेवा का अवसर मिल सकेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आवासीय फ्लैट और दुकानों के आवंटन संबंधी प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए स्थान तय करने और निविदा जारी करने, डिजिटल पोर्टल के संचालन के लिए शासकीय एजेंसी से नया अनुबंध करने तथा 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके निगम पेंशनरों को लंबित अनुदान राशि देने के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
बैठक में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एमआईसी सदस्य राजेन्द्र राठौर, निरंजन सिंह चौहान, अश्विनी शुक्ल, नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा, राकेश जैन, राजेश उदावत, मनीष शर्मा 'मामा' सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



