इंदौर में मीट दुकानों पर नगर निगम की लगातार कार्रवाई, बिना अनुमति संचालित 5 दुकानें सील
अपशिष्ट शुल्क के रूप में 72,600 रुपये वसूले

शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और मीट-मछली दुकानों पर साफ-सफाई के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर बिना अनुमति संचालित मीट दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान पांच दुकानों को सील करने के साथ बकाया शुल्क की वसूली और गंदगी फैलाने पर जुर्माना भी लगाया गया।
खजराना और नायता मुंडला में पांच दुकानें सील
नगर निगम के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर मीट अपशिष्ट प्रबंधन विभाग की टीम शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण कर रही है। इसी दौरान खजराना और नायता मुंडला क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित पाई गई पांच मीट दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई।
बकाया शुल्क के रूप में 72,600 रुपये वसूले
निरीक्षण अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मीट दुकानों से संबंधित बकाया मीट अपशिष्ट शुल्क की भी वसूली की गई। निगम की टीम ने इस मद में कुल 72,600 रुपये जमा कराए। यह कार्रवाई मीट अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था के तहत की गई।
गंदगी मिलने पर लगाया तीन हजार का जुर्माना
मीट प्रभारी राजेश पथरोड़ ने बताया कि जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत खजराना गोया रोड पर तालाब के पास स्थित एक मीट दुकान पर गंदगी पाए जाने पर कार्रवाई की गई। संबंधित दुकान संचालक पर तीन हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया और मौके पर ही जुर्माने की राशि वसूल की गई।
स्वच्छता नियमों के पालन पर निगम का जोर
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ मीट अपशिष्ट का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए मीट एवं मछली दुकानों का निरीक्षण जारी रहेगा और नियमों का पालन नहीं करने वाले संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।



