इंदौर के लालबाग पैलेस में मिली होल्करकालीन तिजोरी
सुंदरीकरण कार्य के दौरान मलबे में दबी मिली तिजोरी

इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में चल रहे सुंदरीकरण और संरक्षण कार्य के दौरान एक पुरानी होल्करकालीन तिजोरी मिलने से हलचल मच गई है। पैलेस के टिकट काउंटर के पास पाथवे निर्माण के लिए की जा रही खोदाई के दौरान मलबे में दबी यह तिजोरी सामने आई। इसके मिलने के बाद अब उत्सुकता है कि यह तिजोरी यहां कब और किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसके भीतर क्या मौजूद है। अधिकारियों के अनुसार तिजोरी खोलकर उसकी जांच की जाएगी। साथ ही इसके लालबाग परिसर में पहुंचने के कारणों का भी पता लगाया जाएगा।
मलबे में कैसे पहुंची तिजोरी, जांच में खुलेगा राज
लालबाग पैलेस में विकास कार्य के दौरान टिकट काउंटर के पास बना टीन शेड हटाया गया था। इसके बाद पाथवे निर्माण के लिए खुदाई और सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मलबे में दबी तिजोरी दिखाई दी। इसके मिलने के बाद इसे लेकर अलग-अलग संभावनाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह जमीन की खोदाई के दौरान निकली है, जबकि एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि पुराने आरटीओ कार्यालय यानी रामपुरा कोठी के खाली होने के बाद इसे यहां लाकर रखा गया होगा। फिलहाल इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुरातत्व विभाग के रिकॉर्ड में नहीं है उल्लेख
तिजोरी मिलने की सूचना अधिकारियों को दी गई। पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के अनुसार विभागीय रिकॉर्ड में इस तिजोरी का कोई उल्लेख नहीं है। इसकी जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि इसे लालबाग पैलेस में कब और क्यों रखा गया था। इसके बाद तिजोरी खोलकर उसके भीतर मौजूद सामग्री की पड़ताल की जाएगी।
इंग्लैंड की कंपनी ने बनाई थीं अग्निरोधी तिजोरियां
इतिहासकारों के अनुसार होल्कर शासकों ने लालबाग पैलेस के तलघर में कीमती आभूषणों और अन्य मूल्यवान वस्तुओं को सुरक्षित रखने के लिए विशेष स्ट्रांगरूम बनवाया था। इसमें मजबूत और सुरक्षित तिजोरियां रखी जाती थीं। इनका निर्माण इंग्लैंड की एक कंपनी ने कराया था। कास्ट आयरन से बनी इन तिजोरियों को इस तरह तैयार किया जाता था कि आग, हवा और भूकंप जैसी परिस्थितियों में भी इनके भीतर रखी सामग्री सुरक्षित रह सके।
इंदौर में आज भी मौजूद हैं ऐसे सैकड़ों नमूने
लालबाग पैलेस के अलावा इंदौर में इस तरह की पुरानी तिजोरियों के कई नमूने आज भी मौजूद हैं। राजवाड़ा सहित पुराने सेठ-साहूकारों के प्रतिष्ठानों में भी ऐसी तिजोरियां देखी जा सकती हैं। पुराने दौर में इंदौर बैंक लिमिटेड में भी इनका इस्तेमाल किया जाता था। लालबाग में मिली तिजोरी को खोलने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इसके भीतर क्या रखा है और इसका ऐतिहासिक संबंध किस दौर से है।



