इंदौर के कृष्णबाग में बुलडोजर एक्शन, विरोध के बीच उजड़े आशियाने
सुबह से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली कार्रवाई

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को अवैध कब्जे हटाने पहुंची प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम को रहवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा। सुबह सात बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान पांच जेसीबी मशीनों की मदद से मकानों को तोड़ने का काम किया गया। वर्षों से इन मकानों में रह रहे परिवारों के सामने जब उनके आशियाने टूटने लगे तो महिलाएं और बच्चे भावुक होकर रो पड़े। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
सुबह से ही जुटा प्रशासनिक अमला
रिमूवल गैंग सबसे पहले माइक से अनाउंसमेंट कर रहवासियों को घरों से सामान निकालने के लिए कहा। इसके बाद कार्रवाई का विरोध शुरू हो गया। रहवासियों ने अधिकारियों को घेरकर अपनी परेशानी बताई और कहा कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं तथा उनके पास रहने के लिए दूसरा ठिकाना नहीं है। कुछ परिवारों ने कार्रवाई रोकने की गुहार भी लगाई। विरोध के बावजूद प्रशासन ने मकान तोड़ने की कार्रवाई आगे बढ़ाई। दो घंटे के भीतर 60 से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचाया गया और मलबा हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया।
300 से अधिक कर्मचारी और भारी पुलिस बल तैनात
संभावित विरोध और पथराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। कार्रवाई के लिए 300 से अधिक कर्मचारी और 100 से ज्यादा श्रमिक मौके पर पहुंचे। पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की रिमूवल टीम ने कार्रवाई की। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभियान में शामिल कर्मचारियों ने हेलमेट भी पहन रखे थे। जिला प्रशासन की ओर से सात एसडीएम सहित 30 से अधिक प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। एसडीएम घनश्याम धनगर को तबादला आदेश के बावजूद कार्रवाई पूरी होने तक जिम्मेदारी सौंपी गई।
2003 से चल रहा जमीन का विवाद
कृष्णबाग कॉलोनी में एमआर-10 जंक्शन के समीप स्थित सर्वे नंबर 66/2-क की 0.720 हेक्टेयर जमीन को लेकर वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। जमीन पर न्याय नगर गृह निर्माण संस्था और मेसर्स श्रीराम बिल्डर्स (शशि भूषण खंडेलवाल) के बीच कानूनी विवाद रहा है। बिल्डर पक्ष के अनुसार, जमीन खरीदने के बाद उस पर कब्जे हो गए थे। मामला अदालतों तक पहुंचा और सुप्रीम कोर्ट तथा हाईकोर्ट से संस्था और बिल्डर पक्ष के समर्थन में आदेश आए। इसके बाद अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की गई।
कुछ मकानों को हाईकोर्ट से मिली राहत
प्रशासन ने जमीन पर बने 70 से अधिक मकानों को चिह्नित किया था। इनमें से 19 मकानों के रहवासियों को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। जिन मकानों को न्यायिक रोक से राहत नहीं मिली, उन्हें हटाने की कार्रवाई की गई। हाईकोर्ट ने ऐसे मकानों को 26 नवंबर से पहले हटाने के निर्देश दिए थे।
पहले भी टल चुकी थी कार्रवाई
इससे पहले 16 और 17 नवंबर को भी मकान हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में पुलिस बल की व्यस्तता के कारण पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं हो सकी। इसी वजह से अभियान टाल दिया गया था। सोमवार को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।



