इंदौर के ग्रामीण अंचलों तक पहुंचेगी ई-बस सेवा, कलारिया से झलारिया के बीच दौड़ेंगी 10 आधुनिक बसें
केंद्र के सहयोग से मिली 150 बसों से शहर और गांवों की परिवहन व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने की दिशा में इंदौर को नई सौगात मिली है। कलारिया से झलारिया के बीच संचालित होने वाली 10 इलेक्ट्रिक बसों का रविवार को सांसद शंकर लालवानी और राऊ विधायक मधु वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। केंद्र सरकार के सहयोग से इंदौर को कुल 150 आधुनिक लोक परिवहन बसें मिली हैं, जिनसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने का लक्ष्य है।
विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को मिलेगी राहत
नई बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों तक पहुंचने के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने से शहर और गांवों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
150 बसों से मजबूत होगी परिवहन व्यवस्था
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री बस सेवा आमजन के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण कम करने और सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
कलारिया के विकास को लेकर सांसद ने जताई प्रतिबद्धता
लालवानी ने कहा कि कलारिया उनका आदर्श ग्राम है और उन्होंने इसे गोद लिया है। गांव में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और आवागमन सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। गांव के सर्वांगीण विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
ग्रामीण विकास को मिलेगी गति
विधायक मधु वर्मा ने कहा कि कलारिया से झलारिया तक बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। केंद्र और प्रदेश सरकार का प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर विश्वजीत सिसोदिया, रामस्वरूप गहलोत, दिलीप पटेल, कपिल जैन, कैलाश चौधरी, रवि चौधरी और दिनेश मादिवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।



