आदि कैलाश यात्रा पर इंदौर के युवा सराफा कारोबारी की मौत, अगले साल होनी थी शादी
दर्शन कर लौटते समय बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में परेशानी के बाद सेना अस्पताल में तोड़ा दम

इंदौर के सराफा बाजार से जुड़े 27 वर्षीय युवा कारोबारी तिलक शर्मा की उत्तराखंड में आदि कैलाश यात्रा के दौरान मौत हो गई। धार्मिक यात्रा पर सात दोस्तों के साथ पहुंचे तिलक की दर्शन के बाद वापसी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी होने पर उन्हें तत्काल सेना के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से इंदौर में उनके परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक छा गया।
वापसी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, तिलक शर्मा अपने सात दोस्तों के साथ कार से उत्तराखंड पहुंचे थे। सभी दोस्त आदि कैलाश सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए निकले थे। आदि कैलाश के दर्शन करने के बाद जब समूह वापस नीचे उतर रहा था, तभी तिलक को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उनकी स्थिति बिगड़ती देख दोस्त उन्हें तत्काल नजदीकी सेना अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन तिलक ने दम तोड़ दिया।
सराफा कारोबार में थी अलग पहचान
तिलक शर्मा इंदौर के सराफा बाजार में ज्वेलर्स का काम करते थे। वे सोने और चांदी के आभूषण बनाने के व्यवसाय से जुड़े थे। धार्मिक स्थलों के लिए आभूषण तैयार करने में भी उनकी विशेष रुचि थी। बताया जाता है कि उन्होंने बाबा महाकाल के लिए चांदी का मुकुट तैयार किया था। इसके अलावा विभिन्न देवी-देवताओं के श्रृंगार के लिए भी सोने-चांदी के आभूषण बनाते थे।
अगले साल होनी थी शादी, परिवार में मातम
तिलक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। परिजन उनकी शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे और अगले साल विवाह होना तय था। परिवार ने उनके भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे, लेकिन इस अप्रत्याशित घटना ने सारी खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।
उत्तराखंड में तिलक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर दोस्तों को सौंपा जाएगा, जो उसे लेकर इंदौर पहुंचेंगे।



