जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर जनसुनवाई में 325 लोगों ने बताई अपनी पीड़ा, कैंसर पीड़ित बुजुर्ग महिला की मदद के लिए आगे आए कलेक्टर

आयुष्मान योजना से उपचार का रास्ता होगा आसान, रोजगार, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदनों पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
इंदौर में जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनते कलेक्टर शिवम वर्मा ।
इंदौर में जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनते कलेक्टर शिवम वर्मा ।
शेयर करें:

इंदौर में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में 325 आवेदकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी आवेदनों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, पेंशन, आर्थिक सहायता, रोजगार, अतिक्रमण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मामले सामने आए। कुछ आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर राहत दी गई, जबकि अन्य प्रकरण संबंधित विभागों को भेजे गए।

पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आयोजित जनसुनवाई में जरूरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को स्वनिधि और मुद्रा योजना सहित रोजगारमूलक योजनाओं का लाभ दिलाकर स्वरोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएं। शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले जरूरतमंदों के प्रकरणों में भी प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए।

कैंसर पीड़ित बुजुर्ग महिला की परेशानी पर दिखाई संवेदनशीलता

जनसुनवाई में गोरी नगर निवासी करीब 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने पति के साथ पहुंचीं। महिला कैंसर से पीड़ित हैं और शासकीय अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। उनकी स्थिति और आर्थिक जरूरत को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस पहल पर बुजुर्ग महिला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार जताया।

चर्मरोग पीड़ित को ऋण दिलाने के लिए कार्रवाई

एक अन्य आवेदक ने चर्मरोग से जुड़ी समस्या के साथ आर्थिक सहायता की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को शासन की योजना के तहत ऋण दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई हो और किसी भी पात्र हितग्राही को सरकारी सहायता के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, नगर निगम के अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें