इंदौर के गोमा की फेल में लगे 42 नए CCTV कैमरे, तुकोगंज क्षेत्र में अब 124 कैमरों से होगी निगरानी
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, विधायक महेंद्र हार्डिया और एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया की मौजूदगी में हुआ लोकार्पण

इंदौर में अपराधों की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जनभागीदारी से सीसीटीवी निगरानी का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना तुकोगंज क्षेत्र की गोमा की फेल में 42 नए सामुदायिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। गुरुवार, 19 नवंबर को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और विधायक महेंद्र हार्डिया ने इन कैमरों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही तुकोगंज थाना क्षेत्र में जनसहयोग से लगाए गए कैमरों की संख्या बढ़कर 124 हो गई है।
गोमा की फेल के 12 स्थानों पर कैमरे स्थापित
घनी आबादी वाले गोमा की फेल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 12 अलग-अलग स्थानों पर 42 कैमरे लगाए गए हैं। इससे पहले एमजी रोड सराफा एसोसिएशन और अन्य सहयोगियों की मदद से पलासिया चौराहे से रीगल चौराहे तथा लैंटर्न चौराहे तक विभिन्न स्थानों पर 82 कैमरे लगाए जा चुके हैं। नए कैमरों के जुड़ने से पूरे थाना क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था का विस्तार हुआ है।
शहर में 1,926 कैमरों से रखी जा रही नजर
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कार्यक्रम में बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग के तहत शहर के नागरिकों, व्यापारिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अब तक 646 स्थानों पर कुल 1,926 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। इन पर लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित शहर के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। कैमरों से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आपराधिक घटनाओं के खुलासे में मदद मिलेगी।
कैमरों की फीड पुलिस थाने में भी रहेगी
इन सामुदायिक कैमरों का संचालन स्थानीय नागरिक करेंगे, जबकि इनकी फीड थाना तुकोगंज में भी उपलब्ध रहेगी। इससे पुलिस क्षेत्र की गतिविधियों पर निगरानी रख सकेगी। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और आपराधिक घटनाओं की जांच में भी फुटेज उपयोगी साबित होगी।
विधायक ने जनसहयोग को बताया जरूरी
विधायक महेंद्र हार्डिया ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के प्रयासों में आम नागरिक हमेशा पुलिस के साथ खड़े हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी गतिविधियों के लिए नागरिकों का सहयोग मिलता रहेगा।
रहवासियों से किया सीधा संवाद
लोकार्पण के बाद पुलिस कमिश्नर और विधायक ने गोमा की फेल पहुंचकर कैमरों की व्यवस्था देखी तथा स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुरक्षा संबंधी जरूरतें जानीं। पुलिस कमिश्नर ने मोहल्ला समिति की बैठकों के जरिए पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय बनाने की बात कही। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध या अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-3 अभिषेक रंजन, पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय रहवासी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



