इंदौर की खाद्य जांच प्रयोगशाला को मिली FSSAI की मंजूरी, अब मिलावट पकड़ने में आएगी तेजी
दूध से लेकर मसाले, तेल और पेय पदार्थों तक की होगी जांच

खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से जुड़ी गड़बड़ियों की जांच के लिए मध्यप्रदेश को एक और महत्वपूर्ण सुविधा मिली है। इंदौर की संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (NABL) से मान्यता मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भी विधिवत अधिसूचित कर दिया है। इससे इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में खाद्य नमूनों की जांच स्थानीय स्तर पर कराने का रास्ता साफ हुआ है। अब तक प्रदेश में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए नमूनों की जांच का प्रमुख दायित्व भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के पास था।
एक साल में पूरी हुई मान्यता की प्रक्रिया
इंदौर की इस प्रयोगशाला का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 अक्टूबर 2025 को किया था। इसके बाद इसे उच्चस्तरीय खाद्य परीक्षण के लिए आवश्यक तकनीकी मान्यता दिलाने की प्रक्रिया शुरू हुई। 14 और 15 फरवरी 2026 को NABL की टीम ने प्रयोगशाला का ऑडिट किया। इसके बाद 12 जून 2026 को इसे मान्यता प्रमाणपत्र मिला, जो 11 जून 2028 तक वैध है। आगे की प्रक्रिया में 3 सितंबर 2026 को FSSAI की टीम ने ऑडिट किया और 5 नवंबर 2026 को प्रयोगशाला को अधिसूचित करने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसकी अधिसूचना भारत के राजपत्र में भी प्रकाशित हो चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार की गई जांच व्यवस्था
प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों की जांच की गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक ISO/IEC 17025:2017 के अनुरूप प्रक्रियाएं विकसित की गई हैं। यहां एएएस (AAS), माइक्रोवेव डाइजेस्टर, फैट एनालाइजर, प्रोटीन एनालाइजर, डिजिटल ब्यूटिरो रेफ्रैक्टोमीटर, सेंट्रीफ्यूज, विश्लेषणात्मक तुला, मफल फर्नेस, पीएच मीटर और मेल्टिंग पॉइंट उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से खाद्य पदार्थों के विभिन्न घटकों और गुणवत्ता की जांच की जा सकेगी।
दूध, मसाले, तेल और पेय पदार्थों की भी होगी जांच
FSSAI ने प्रयोगशाला को कई प्रमुख खाद्य श्रेणियों के परीक्षण की अनुमति दी है। इनमें दूध एवं दूध उत्पाद, नमक, मसाले एवं कंडिमेंट्स, अनाज और उनसे बने उत्पाद, विविध खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, तेल एवं वसा तथा चाय, कॉफी और चिकोरी शामिल हैं। इससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच के लिए क्षेत्रीय स्तर पर व्यवस्था मजबूत होगी।
भोपाल की प्रयोगशाला पर निर्भरता होगी कम
अब तक खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अधिकारियों द्वारा एकत्र किए गए नमूनों की जांच मुख्य रूप से भोपाल की राज्य स्तरीय प्रयोगशाला में होती थी। इंदौर की प्रयोगशाला को मिली मान्यता से परीक्षण व्यवस्था का विस्तार होगा और भोपाल स्थित प्रयोगशाला पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। खासकर इंदौर संभाग और आसपास के क्षेत्रों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए दूर भेजने की जरूरत घटेगी। इससे परीक्षण प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने में भी सहायता मिलेगी।
मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई को मिलेगा आधार
खाद्य सुरक्षा अधिकारी खाद्य प्रतिष्ठानों, विनिर्माण इकाइयों, थोक और खुदरा विक्रय केंद्रों सहित अन्य खाद्य कारोबारियों से लिए गए नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस प्रयोगशाला में भेज सकेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट, अशुद्धता और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पहचान की जा सकेगी। इन रिपोर्टों से अधिकारियों को नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। नई सुविधा से असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई को मजबूती मिलने के साथ नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मुहैया कराने के प्रयासों को भी बल मिलेगा।



