जनशक्ति उजाला
समाचार

दीपावली से पहले इंदौर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की सख्ती, 54 नमूने जांच के लिए भेजे

मिठाई, नमकीन और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता परखने के लिए दो दिन में 15 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्रित करती खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ।
खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्रित करती खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ।
शेयर करें:

दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य सामग्री की बढ़ती मांग के बीच मिलावट और अस्वच्छता पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। 30 और 31 अक्टूबर को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान इंदौर और बेटमा क्षेत्र के 15 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाई, नमकीन, दूध और दुग्ध उत्पादों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 54 नमूने एकत्रित किए गए हैं।

मिठाई और नमकीन प्रतिष्ठान जांच के दायरे में

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मनोज पुष्प के निर्देशन तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अभियान के पहले दिन पूजा डेरी स्वीट्स एंड नमकीन, पदम श्री स्वीट्स एवं नमकीन, श्री राम स्वीट्स एवं नमकीन, नवकार के नमकीन, राजू खंडेलवाल नमकीन भंडार, गौरव रेस्टोरेंट और सिद्धिविनायक डेरी स्वीट्स एवं नमकीन का निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों से पनीर, मावा, मिल्क केक, पेड़ा, बर्फी, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

दूसरे दिन आठ प्रतिष्ठानों की जांच

31 अक्टूबर को आरंभ स्वीट्स एंड नमकीन, गुप्ता स्वीट्स, मां अंबे दूध दही भंडार, ममता स्वीट्स, मिलन स्वीट्स एंड नमकीन, श्री गंगा दूध डेयरी एंड स्वीट्स, फखरी स्वीट्स एंड फरसान और पालीवाल स्वीट्स एवं नमकीन का निरीक्षण किया गया। यहां से मावा, पनीर, घी, दूध, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और नमकीन के नमूने संग्रहित किए गए। पालीवाल स्वीट्स एवं नमकीन में खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच भी की गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण और विक्रय की व्यवस्था के साथ साफ-सफाई तथा व्यक्तिगत स्वच्छता की स्थिति भी देखी गई। खाद्य कारोबारियों को निर्माण स्थलों और भंडारण क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, सुरक्षित कच्चे माल का उपयोग करने तथा खाद्य पदार्थों को बाहरी संदूषण से बचाने के निर्देश दिए गए। पदम श्री स्वीट्स एवं नमकीन में निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को लेकर सुधार सूचना पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

संग्रहित सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण का अभियान लगातार जारी रहेगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

इंदौर में खाद्य विभाग की 11 प्रतिष्ठानों पर जांच, 26 नमूने लिए

इंदौर में खाद्य विभाग की 11 प्रतिष्ठानों पर जांच, 26 नमूने लिए

त्योहारी बाजार में शुद्धता की पड़ताल के साथ नापतोल विभाग की कार्रवाई

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालाइंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
इंदौर जनसुनवाई में 200 से अधिक आवेदन, दिव्यांग विद्यार्थियों को मिली मदद

इंदौर जनसुनवाई में 200 से अधिक आवेदन, दिव्यांग विद्यार्थियों को मिली मदद

कलेक्टर शिवम वर्मा ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, संध्या और वीरेंद्र की आगे की पढ़ाई में सहयोग का भरोसा दिया

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालाइंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें