इंदौर में खाद्य विभाग की कार्रवाई, देसी मसाला रेस्टोरेंट का पंजीयन निलंबित
विभिन्न प्रतिष्ठानों से 23 नमूने लिए, मानपुर में 25 की मौके पर जांच

इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी नियमों के पालन को लेकर कार्रवाई की है। रेस कोर्स रोड स्थित देसी मसाला रेस्टोरेंट का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। वहीं, विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 23 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। मानपुर में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से 25 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच भी की गई।
कमियां दूर नहीं करने पर रेस्टोरेंट का पंजीयन निलंबित
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के देसी मसाला रेस्टोरेंट का 11 सितंबर 2026 को निरीक्षण किया गया था। इस दौरान मिली कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। निर्धारित समय में कमियों का संतोषजनक निराकरण नहीं होने और प्रस्तुत जवाब व दस्तावेजों में भी खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर पंजीयन प्राधिकारी मनोज कुमार रघुवंशी ने 15 अक्टूबर को पंजीयन निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
किराना दुकानों और डेयरियों से लिए नमूने
16 अक्टूबर को महू तहसील के मानपुर क्षेत्र में किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। सुरेश चंद एवं ब्रदर्स से नमकीन, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और गुलाब जामुन मिक्स के चार नमूने लिए गए। माहेश्वरी किराना से गुलाब जामुन मिक्स, खड़ा मसाला, चाय और अजवाइन के चार नमूने तथा राजेश किराना से घी और स्वामीनारायण आटे के दो नमूने संग्रहित किए गए। इस तरह मानपुर की दुकानों से कुल 10 नमूने लिए गए। खुले में धनिया, मिर्च और हल्दी बेचने वाले दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
इसी दिन गणेश नगर की दुग्ध डेयरियों से दूध, घी और पनीर के पांच नमूने लिए गए। नौलखा स्थित नेचुरल मेवा प्रतिष्ठान से बादाम और काजू के नमूने भी संग्रहित किए गए। विभाग के अनुसार, नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मॉल के फूड कोर्ट में मिलीं साफ-सफाई संबंधी कमियां
15 अक्टूबर को ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट स्थित सुरुचि फूड्स चटोरी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई संबंधी कमियां मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की गई। प्रतिष्ठान से पांच खाद्य नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
मानपुर में 25 नमूनों की त्वरित जांच
मानपुर में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के जरिए हल्दी, मिर्च, धनिया, तेल और खड़े मसालों सहित 25 नमूनों की मौके पर जांच की गई। इस पहल के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की प्रारंभिक पहचान के बारे में लोगों तथा खाद्य कारोबारियों को जानकारी दी गई।
खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, आमजन और द वेल्वेट कोटयार्ड के कर्मचारियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने कार्यशाला में सुरक्षित खान-पान, स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण और मिलावट से बचाव के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की ‘हर लेबल कुछ कहता है’ पहल के तहत पैक्ड खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ने के महत्व पर भी जोर दिया गया। लोगों को सामग्री विवरण, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और पोषण संबंधी जानकारी देखकर खाद्य पदार्थ खरीदने के लिए प्रेरित किया गया।



