जनशक्ति उजाला
समाचार

दीपावली से पहले इंदौर में खाद्य सुरक्षा की बड़ी कार्रवाई, 341 किलो सामग्री जब्त

मावे में मिलावट की आशंका पर फैक्ट्री बंद, पांच प्रतिष्ठानों से लिए गए 12 नमूने

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान जब्त की गई खाद्य सामग्री।
खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान जब्त की गई खाद्य सामग्री।
शेयर करें:

दीपावली से पहले इंदौर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार, 29 अक्टूबर को की गई कार्रवाई में पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 12 नमूने जांच के लिए लिए गए। ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी में मावे के निर्माण के दौरान मिलावट की आशंका सामने आने और खाद्य निर्माण के लिए उपयुक्त श्रेणी का पंजीयन नहीं मिलने पर फैक्ट्री में कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। यहां से करीब 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये है।

मावे के निर्माण पर उठे सवाल

खाद्य सुरक्षा दल ने अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी के निरीक्षण के दौरान दूध से फैट निकालकर उसमें स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर मावा तैयार किए जाने की प्रक्रिया देखी। परिसर में वनस्पति तेल भी मिला। इन परिस्थितियों के आधार पर मावे में मिलावट की आशंका जताई गई। जांच के लिए मीठे मावे के दो, वनस्पति, सूजी और स्किम्ड मिल्क पाउडर का एक-एक नमूना लिया गया।

कार्रवाई के दौरान लगभग 298 किलोग्राम मावा, 28 किलोग्राम वनस्पति और 15 किलोग्राम सूजी जब्त की गई। नमूनों को प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

घी और डेयरी उत्पादों के नमूने भी लिए

नेमावर रोड स्थित विनायक फूड एंड डेयरी इंडस्ट्रीज से लूज घी का एक नमूना लिया गया। इसी मार्ग पर ग्राम धुलेट स्थित अग्नि डेयरी इंडस्ट्रीज से अग्नि घी, सपोरा घी और लूज बटर के तीन नमूने संग्रहित किए गए। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी।

सोनपापड़ी इकाई में भी मिलीं कमियां

ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री कुंज इंटरप्राइजेज में सोनपापड़ी का निर्माण और पैकिंग होते मिली। यहां से सोनपापड़ी का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। निरीक्षण में पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र और कर्मचारियों के चिकित्सकीय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं मिले। खाद्य सामग्री का भंडारण पैलेट पर नहीं किया जा रहा था और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है।

चॉकलेट कॉन्स निर्माण में स्वच्छता पर सवाल

ग्राम पालदा स्थित मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स में निरीक्षण के दौरान कच्चे खाद्य पदार्थों का अनुचित भंडारण, उत्पादन क्षेत्र में जाले, जेली निर्माण क्षेत्र में गंदगी और नाली में जमा पानी पाया गया। उत्पादन क्षेत्र में शौचालय भी स्थित था। निर्यात के लिए तैयार चॉकलेट कॉन्स के लेबल भी अधूरे मिले। यहां से जेली के दो नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। पाई गई कमियों के संबंध में नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

त्योहार तक जारी रहेगा जांच अभियान

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश मनोज पुष्प के निर्देशन और इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की जा रही है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्माण एवं भंडारण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कीट नियंत्रण, व्यक्तिगत साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के दौरान भी खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना संग्रहण का अभियान जारी रहेगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

इंदौर में खाद्य विभाग की 11 प्रतिष्ठानों पर जांच, 26 नमूने लिए

इंदौर में खाद्य विभाग की 11 प्रतिष्ठानों पर जांच, 26 नमूने लिए

त्योहारी बाजार में शुद्धता की पड़ताल के साथ नापतोल विभाग की कार्रवाई

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालाइंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
इंदौर जनसुनवाई में 200 से अधिक आवेदन, दिव्यांग विद्यार्थियों को मिली मदद

इंदौर जनसुनवाई में 200 से अधिक आवेदन, दिव्यांग विद्यार्थियों को मिली मदद

कलेक्टर शिवम वर्मा ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, संध्या और वीरेंद्र की आगे की पढ़ाई में सहयोग का भरोसा दिया

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालाइंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें