जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में खाद्य विभाग की जांच, तीन रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर जांच के लिए लिए गए 9 खाद्य नमूने

56 दुकान और पिपलियापाला क्षेत्र में हुई कार्रवाई

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने इंदौर के तीन रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने इंदौर के तीन रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
शेयर करें:

इंदौर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने तीन रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अलग-अलग खाद्य पदार्थों के कुल 9 नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की गई।

पुष्पक रेस्टोरेंट में मिलीं व्यवस्थागत कमियां

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 56 दुकान स्थित पुष्पक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। संचालक अर्पित जैन की मौजूदगी में हुई जांच के दौरान परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और भोजन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। टीम ने यहां से तुअर दाल, पनीर, पाव, पावभाजी की भाजी और सोयाबीन तेल के पांच नमूने लिए। कमियों को लेकर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।

ओशन ग्रिल को फ्रीजर की सफाई के निर्देश

पिपलियापाला स्थित ओशन ग्रिल बार एंड रेस्टोरेंट का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां प्रभारी मंजीत होरा की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा दल ने फ्रीजर की डीप क्लीनिंग कराने और कच्चे नॉनवेज खाद्य पदार्थों को साफ-सुथरे तरीके से रखने के निर्देश दिए। प्रतिष्ठान से चिकन मंचो सूप और पनीर के दो नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

ओल्ड कोलकाता रोल से भी लिए नमूने

56 दुकान स्थित ओल्ड कोलकाता रोल का निरीक्षण कर टीम ने वेज मंचूरियन नूडल्स और पनीर के दो नमूने लिए। इस तरह तीनों प्रतिष्ठानों से कुल नौ खाद्य नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार सभी नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें:

संबंधित खबरें